Latest News पटना बिहार

अग्निपथ योजना को ले सतह पर एनडीए की कलह, जदयू प्रेसिडेंट बोले- बिहार भाजपा अध्यक्ष ने खो दिया मानसिक संतुलन


, पटना। बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की कलह अग्निपथ योजना के बहाने सतह पर आ गई है। शनिवार को बिहार भाजपा अध्यक्ष डा. संजय जायसवाल ने जदयू से सवाल पूछते हुए पुलिस प्रशासन की भूमिका को संदेह के घेरे में डाला तो पार्टी अध्यक्ष ललन सिंह ने व्यक्तिगत हमला कर दिया। शनिवार को ललन सिंह ने कहा कि बिहार भाजपा अध्यक्ष ने अपना मानसिक संतुलन खो दिया है। इसी लिए वह ऐसे बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि संजय उपद्रवियों से पूछें कि उन्होंने क्यों भाजपा कार्यालयों पर हमला किया। ललन ने कहा कि नीतीश गुड गवर्नेंस के लिए जाने जाते हैं। उन्हें पता है सरकार कैसे चलानी है। इसके पहले पटना में भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों को संबोधित करते हुए बिहार भाजपा अध्यक्ष ने कहा था कि अग्निपथ योजना को लेकर चल रहे विरोध में बिहार पुलिस की कार्यशैली ठीक नहीं है। उन्होंने यह भी कहा था कि केंद्र सरकार की योजना को लेकर अगर जदयू को कोई समस्या है तो वह बात करे। 

भाजपा अध्यक्ष डा. संजय कुमार जायसवाल की प्रेसवार्ता के कुछ ही देर बाद जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने पलटवार कर दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन भाजपा कार्यालयों में क्यों आग लगवाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के फैसले के बाद छात्रों के मन में आशंका पैदा हुई। इसी को लेकर उन्होंने प्रतिक्रिया दी और सड़क पर आ गए। उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या का निदान हिंसा से नहीं हो सकता। ऐसे कदम को स्वीकार नहीं किया जा सकता। ललन ने कहा कि अभ्यर्थियों की स्वाभाविक प्रतिक्रिया भी भाजपा को समझनी चाहिए। छात्रों की मन की आशंका दूर करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन को भाजपा और जदयू से मतलब नहीं है। उन्होंने कहा कि संजय जायसवाल अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं। राज्य में भाजपा के तीन कार्यालयों पर हमला करने से जुड़े सवाल पर ललन ने कहा कि संजय उपद्रवियों से पूछें कि उन्होंने बीजेपी आफिस में विरोध क्यों जलाया। ललन ने कहा कि नीतीश कुमार गुड गवर्नेंस के लिए जाने जाते हैं। ऐसे में हमें संजय जायसवाल से शिक्षा लेने की जरूरत नहीं है।