राष्ट्रीय

अब तक १० राज्योंमें हुई बर्ड फ्लू मिलने की पुष्टि


नयी दिल्ली(आससे)। दिल्ली के चिडिय़ाघर में बर्ड फ्लू का पहला मामला सामने आया है। अब तक दिल्ली समेत देश के 10 राज्यों में बर्ड फ्लू की पुष्टि हो चुकी है। दिल्ली में चिडिय़ाघर, संजय झील समेत तमाम जलाशयों पर लोगों की आवाजाही पहले ही रोक दी गई थी, लेकिन अब बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद सख्ती और बढ़ाई जा सकती है। दिल्ली के चिडिय़ाघर में एक उल्लू के मृत पाये जाने पर बर्ड फ्लू टेस्ट के लिएये नमूना भेजा गया था। जांच में इसे पॉजिटिव पाया गया है। चिडिय़ाघर प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक एच5एन8 एवियन इन्फ्लूएंजा की पुष्टि हुई है। चिडिय़ाघर में सभी प्रोटोकॉल के तहत सैनिटाइजेशन का काम किया जा रहा है। अधिकारियों ने पहले कहा था कि कि मयूर विहार फेज-3, संजय झील और द्वारका सेक्टर 9 से लिए गये 10 नमूनों में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई थी। संजय झील में सोमवार को बत्तखों को मारा गया, जहां कई बत्तखें मृत पाई गई थीं। 9 जनवरी को दिल्ली सरकार ने बर्ड फ्लू की आशंका को देखते हुए सबसे बड़ी पोल्ट्री मार्केट गाजीपुर को बंद करने का आदेश दिया था। लेकिन गाजीपुर मुर्गा मंडी से जालंधर भेजे गये 100 नमूने निगेटिव पाये जाने के बाद मार्केट दोबारा खोलने का आदेश दिया गया है। दिल्ली के संजय झील में बर्ड फ्लू की पुष्टि से पहले गाजीपुर मंडी से रैंडम सैंपल जालंधर भेजे गये थे, अब भी एनिमल हसबैंडरी विभाग की टीम अलर्ट पर है और अलग-अलग इलाकों से रैंडम नमूने जुटा रही है।