News TOP STORIES नयी दिल्ली पंजाब राष्ट्रीय

अमृतसर में दुबई से लौटी स्पाइस जेट की फ्लाइट से पचास यात्रियों का सामान गायब, मचा हड़कंप


अमृतसर। श्री गुरु रामदास अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर शुक्रवार की सुबह यात्रियों ने खूब बवाल काटा। दुबई से अमृतसर उतरी स्पाइस जेट की फ्लाइट से लगभग 50 यात्रियों का सामान गायब पाया गया। यात्रियों का गुस्सा देखकर स्पाइस जेट के अधिकारियों ने पीड़ित यात्रियों को आश्वासन दिया है कि उनका सामान शनिवार तक उनके घर पहुंच जाएगा।

शुक्रवार सुबह तकरीबन 3.30 बजे दुबई से लौटी स्पाइस जेट की फ्लाइट संख्या एसजी-56 श्री गुरु रामदास अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतरी। इसके बाद यात्री कस्टम क्लीयरेंस व सामन की चेकिंग करवा रहे थे। इसी दौरान कई यात्रियों का सामान गायब मिला। इसके बाद वह स्पाइस जेट के काउंटर पर पहुंचे और उन्होंने जमकर हंगामा किया।

तीन दिन बाद घर पहुंचा था यात्रियों का सामान

अधिकारियों ने जब जांच करवाई तो पता चला कि पचास यात्रियों का सामान गायब है। इसके बाद यात्रियों को किसी तरह शांत करवाया गया और उन्हें बताया गया कि शनिवार तक उनका सामान पहुंचाया जाएगा। बता दें 14 जुलाई 2022 को भी 50 यात्रियों का सामान एक फ्लाइट से गायब था। हंगामे के बाद स्पाइस जेट को सामान यात्रियों के घरों तक पहुंचाना पड़ा था और इसमें तीन दिन लग गए थे।