News TOP STORIES उत्तर प्रदेश नयी दिल्ली राष्ट्रीय लखनऊ

अयोध्या दीपोत्सव: राम दरस बस सब नर नारी, छलकता रहा उल्लास का घट, श्रद्धालुओं को खींच लाया अयोध्या दीपोत्सव


अयोध्या। मनोहारी रामनगरी के सातवें मनोरम दीपोत्सव में कला, संस्कृति व अध्यात्म के रंग बिखरे नजर आए। अध्यात्म की नगरी में उल्लास का घट छलकता रहा। आस्था की अविरल धारा पूरे दिन प्रवाहित होती रही। 

सुबह झांकियों से शुरू हुआ उल्लास का प्रवाह देर रात लेजर शो तक जारी रहा। अन्य देशों सहित देश के विभिन्न प्रदेशों से यहां पहुंचे श्रद्धालुओं को दीपोत्सव का आकर्षण अयोध्या खींच लाया था।

सड़क के किनारे कतारबद्ध खड़े भक्त राम सीता के स्वरूप को निहारते यूं प्रतीत हो रहे थे कि मानो त्रेता युग में भगवान की अयोध्या वापसी की राह देखने को रामनगरी उमड़ पड़ी हो। श्रद्धालुओं से लेकर पर्यटकों की भारी भीड़ राम की पैड़ी, चरण सिंह घाट, रामकथा पार्क पहुंची थी।

जय श्रीराम का उद्घोष करते रहे भक्त

पहली बार दीपोत्सव में विदेशी भक्तों की अच्छी खासी तादाद रही। सुरक्षा कारणों से जो लोग जहां रोके गए, वहीं आसपास एलईडी वैन से राम दरबार को निहारते नजर आए। पुष्पक विमान (हेलीकॉप्टर) से राम सीता व लक्ष्मण के स्वरूप उतरते ही सरयू घाट पर खड़े भक्त जय श्रीराम का उद्घोष करते हैं।

सरयू की लहरों के समानांतर चली

राम की पैड़ी पर मुख्यमंत्री के आगमन के साथ ही भक्तों का उल्लास फिर हिलोरें मारने लगा। स्वयंसेवकों के साथ भक्त जय सियाराम, सीताराम व बजरंगबली की जयकार करने लगते हैं। यहां श्रद्धालुओं में आतुरता का वेग सरयू की लहरों के समानांतर दिखा तो आस्था का आवेग आकाश को स्पर्श करता प्रतीत हुआ।

राम.. सीताराम भजन का गायन

आंध्र प्रदेश के श्रद्धालु टी. बालाकृष्णन श्रद्धानवत होकर दोनों हाथ ऊपर कर जय श्रीराम का घोष करते हैं तो उनके साथ आए लगभग 25 भक्तों का जत्था तालियां बजाते हुए राम.. सीताराम भजन का गायन करने लगता है।

रूसी नागरिक भी बने साक्षी

राम की पैड़ी पर प्रज्वलित दीयों को देख रहे रूसी नागरिक वालेटी व सरगेई की भाव भंगिमा पूज्यभाव को प्रदर्शित करती नजर आई। प्रज्वलित दीयो व सरयू पुल पर झिलमिलाती झालरों को अपने कैमरे में कैद करने से भी नहीं चूके।

चहुंओर श्रद्धा और आस्था की हिलोरें

उल्लास के वातावरण में चहुंओर श्रद्धा और आस्था की हिलोरों के बीच उमड़ा सैलाब सातवें दीपोत्सव का साक्षी बनने के लिए आतुर दिखा। बाराबंकी के सतीश अवस्थी, गोंडा की मुस्कान, दिल्ली के दिनेश गुप्त व श्रेया साहू जलते हुए दीपों के साथ सेल्फी लेने में मशगूल रहे।