अन्तर्राष्ट्रीय

अरब की दुनिया, एक से दो अरब होने में 100 साल लगे


दुनिया की आबादी मंगलवार को 8 अरब हो गई। जनसंख्या घड़ी ने मंगलवार को 8,000,000,000 का आंकड़ा दिखाया। इनमें से एक अरब लोग तो पिछले 12 वर्षों में जुड़े हैं। संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष ने ट्वीट किया, ‘आठ अरब उम्मीदें। आठ अरब सपने। आठ अरब संभावनाएं। हमारा ग्रह अब आठ अरब लोगों का घर है।’ यूएन ने इसे ‘मील का एक अद्भुत पत्थर’ करार दिया है। मानव आबादी लगभग 1800 तक एक अरब से कम थी। एक से दो अरब तक बढ़ने में इसे 100 से ज्यादा बरस का समय लगा। पिछले 12 साल में ही जनसंख्या में एक अरब की बढ़ोतरी हुई है। संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि 2030 तक पृथ्वी पर 850 करोड़, 2050 तक 970 करोड़ और 2100 तक 1040 करोड़ लोग हो सकते हैं। हालांकि इसमें अच्छी बात यह है कि मानव की औसत उम्र बढ़ रही है। लोगों की औसत उम्र इस समय 72.8 वर्ष हो चुकी है, जो 1990 के मुकाबले 2019 तक नौ साल बढ़ गई है। 2050 तक लोगों की औसत उम्र 77.2 वर्ष हो जाएगी। महिलाएं पुरुषों से औसतन 5.4 वर्ष अधिक जीती हैं। दुनिया की आबादी 8 अरब होने वाली है, जो वर्ष 2100 से पहले 10 अरब को पार कर लेगी। लेकिन संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या अनुमान डेटा और कई विशेषज्ञ मानते हैं कि दुनिया की आबादी हमेशा नहीं बढ़ेगी। इस शताब्दी में किसी समय, जनसंख्या चरम पर होगी तो उसके बाद घटने भी लगेगी। 2086 के बाद जनसंख्या घटना शुरू हो सकती है।