अलीगढ़

अलीगढ में बंद का रहा मिला जुला रहा असर


अलीगढ। संयुक्त किसान मोर्चा के राष्ट्रीय आह्वान पर भारत बंद का जिले में मिला जुला असर रहा। धनीपुर मंडी में भी बंद का आंशिक असर रहा। मंडी समिति अध्यक्ष सुरेश चंद लोधी सहित कई आढतियों ने किसानों के समर्थन में दुकानें बंद रखी। बंद के असर के रहते आज मंडी में किसान और खरीद व्यापारी नदारद रहे। करीब 12 बजे संयुक्त किसान मोर्चा शशिकांत, भाकियू महाशक्ति के जिलाध्यक्ष विनोद चैहान, संगठन मंत्री सुरेश चंद गांधी समेत कई किसान मंडी पहुंचे। किसान नेताओं की अपील पर बड़ी संख्या में आढत बंद होने लगी। हालांकि सत्तापक्ष से ताल्लुक रखने वाले गल्ला व्यापारियों ने अपनी आढ़ते बंद नहीं कीं।
महिला किसान नेता कमलेश यादव के नेतृत्व में युवा किसानों की टीम के आग्रह पर क्वार्सी बाइपास स्थित देवी नगला, डालचंद नगला का बाजार बंद रखा। नौरंगाबाद छावनी व्यापार मंडल ने एक दिन पहले ही भारत बंद के समर्थन का ऐलान किया था। सुबह 9 बजे से ही संयुक्त किसान मोर्चा संयोजक शशिकांत, मानव सेवा दल अध्यक्ष के के साथ बाजार में अपील करने पहुँचे। मेडीकल स्टोर, दूध, सब्जी की दुकानों के अलावा नौरंगाबाद छावनी बाजार पूरी तरह बंद रहा। अमीर निशां, शमशाद मार्किट, मैरिस रोड, ऊपरकोट, रसलगंज आदि कई बाजार जुमे की साप्ताहिक बंदी के कारण बंद रहे। भारत बंद के समर्थन में इन बाजारों में इस बार सब्जी, फल, परचून की दुकानें तक बंद रहीं।
भाकियू टिकैत के किसानों ने टप्पल एक्स-वे पर प्रदर्शन कर चक्का जाम किया। सुबह सात बजे से ही किसानों को जमावड़ा इंटरचेंज पुल के नीचे होने लगा। जिलाध्यक्ष विमल तोमर, जिला महासचिव वीरेंद्र चैधरी, जिला सचिव धर्मेंद्र चैधरी, तहसील अध्यक्ष गौरव तेवतिया, तहसील उपाध्यक्ष अंकुश चैधरी, ब्लाक महासचिव भुट्टो सिंह, ब्लाक मीडिया प्रभारी नगेंद्र सिंह, विनीत चैधरी, कपिल चैधरी आदि किसान नेताओं के नेतृत्व में सैंकड़ों किसान एकत्रित हो गये। 11 बजे चक्का जाम किया गया। किसान हाइ-वे पर ही धरने पर बैठ गए। किसानों ने तीनों कृषि बिलों की वापसी की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की। चक्का जाम के दौरान एम्बुलेंस को जाने दिया। जाम में फंसे यात्रियों में विशेषकर बच्चों को बिस्कुट-केले खाने को दिये। इसकी जानकारी मिलते ही सीओ खैर मय फोर्स के मौके पर पहुँचे। काफी देर तक पुलिस अधिकारी समझाया लेकिन किसान का प्रदर्शन जारी रहा। दोपहर तीन बजे एसडीएम खैर भी मौके पर पहुंचे। एसडीएम सहित पुलिस अधिकारियों और किसान नेताओं के बीच कई बार तींखी नोकझोंक हुई। किसानों ने तय समय शाम 6 बजे तक प्रदर्शन जारी रखने का ऐलान किया। उधर सांकरा-अतरौली मार्ग पर भाकियू स्वराज के युवा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। जिले भर में प्रदर्शन के दौरान किसानों ने किसी प्रकार की कोई जोर जबरदस्ती नहीं की और न ही आमजन को परेशानी होने दी।