News TOP STORIES नयी दिल्ली रांची राजस्थान राष्ट्रीय लखनऊ

अविश्वास प्रस्ताव: राहुल गांधी नहीं बोले क्योंकि देर से सोकर उठे होंगे निशिकांत दुबे का कांग्रेस पर तंज


नई दिल्ली, । मोदी सरकार के खिलाफ विपक्ष द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर लोकसभा में चर्चा हो रही है। कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने अविश्वास प्रस्ताव को पेश किया है। कांग्रेस की तरफ से बहस की शुरुआत पार्टी सांसद गौरव गोगोई ने की। उन्होंने कहा कि पीएम मणिपुर की घटना पर चुप क्यों हैं।

बता दें कि चर्चा के लिए 12 घंटे का समय तय किया गया है। बीजेपी को चर्चा में भाग लेने के लिए लगभग सात घंटे का समय मिलेगा। कांग्रेस पार्टी के लिए लगभग एक घंटा 15 मिनट का समय आवंटित किया गया है। वाईएसआर कांग्रेस पार्टी, शिवसेना, जेडीयू, बीजेडी, बीएसपी, बीआरएस और एलजेपी को कुल 2 घंटे का समय दिया गया है। पीएम मोदी 10 अगस्त को इस पर जवाब दे सकते हैं।

 

8 Aug 202312:58:14 PM

लोकसभा में हंगामा जारी

अविश्वास प्रस्ताव पर बहस के दौरान लोकसभा में हंगामा हो रहा है।

8 Aug 202312:23:32 PM

मणिपुर पर पीएम मोदी का मौन व्रत: कांग्रेस

गौरव गोगोई ने कहा कि प्रधानमंत्री ने संसद में न बोलने का मौन व्रत ले लिया है, इसलिए उनकी चुप्पी तोड़ने के लिए हमें अविश्वास प्रस्ताव लाना पड़ा। हमारे पास उनके लिए तीन सवाल हैं- 1. वे आज तक मणिपुर क्यों नहीं गए? 2. आखिरकार मणिपुर पर बोलने में लगभग 80 दिन क्यों लग गए और जब वे बोले तो सिर्फ 30 सेकंड के लिए? 3. अब तक मणिपुर के मुख्यमंत्री को बर्खास्त क्यों नहीं किया?

8 Aug 202311:34:48 AM

टीएमसी सांसद राज्यसभा से निलंबित

राज्यसभा में टीएमसी सांसद डेरेक ओ ब्रायन को संसद के बचे हुए सत्र के लिए राज्यसभा से निलंबित कर दिया गया है। सदन के नेता पीयूष गोयल ने सदन की कार्यवाही में लगातार बाधा डालने, सभापति की अवज्ञा करने और सदन में लगातार अशांति पैदा करने को लेकर निलंबन के लिए एक प्रस्ताव पेश किया था।

8 Aug 202311:05:17 AM

लोकसभा की कार्यवाही स्थगित

स्पीकर ओम बिरला ने लोकसभा की कार्यवाही को दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया है। कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी दलों ने हंगामा किया था।

8 Aug 202310:51:25 AM

AAP का अमित शाह पर निशाना

गृह मंत्री अमित शाह राघव चड्ढा के पीछे पड़ गए हैं। जिस तरह से झूठे और बेबुनियाद मामले के जरिए राहुल गांधी की सदस्यता छीन ली गई वैसे ही वे राघव की सदस्यता छीनना चाहते हैं। वे बहुत खतरनाक लोग हैं। वे कुछ भी कर सकते हैं, लेकिन हम आम आदमी के सिपाही हैं। हम उनसे नहीं डरते, हम उनसे लड़ते हैं और लड़ते रहेंगे। अगर राघव की सदस्यता छीनी गई तो वह निर्वाचित होकर वापस आएंगे और उनके खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।

8 Aug 202310:25:54 AM

I.N.D.I.A. की बैठक शुरू

विपक्षी दलों के गठबंधन I.N.D.I.A. की बैठक शुरू हो गई है। बैठक में संसद सत्र की रणनीति पर चर्चा होगी।

8 Aug 202310:24:55 AM

हंगामे से नहीं चलती संसद: अनुराग ठाकुर

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि कुछ राजनीतिक दल के नेताओं को झूठ बोलने की आदत है। शायद, वे भूल गए कि संसद के अंदर यह नहीं चलता। सदन नियमों के अनुसार चलता है, हंगामे से नहीं। वे जितना चाहें देश को गुमराह करने की कोशिश कर सकते हैं, लेकिन लोकसभा और राज्यसभा दोनों में इनकी पोल खुल गई है।

8 Aug 202310:18:23 AM

BJD, YSRCP पर कांग्रेस का निशाना

कांग्रेस नेता मणिकम टैगोर ने कहा कि BJD और YSRCP ने अपना असली रंग दिखा दिया है। एक दिन ओडिशा और आंध्र प्रदेश में इन दलों को परेशानी होगी।

8 Aug 202310:12:00 AM

बीजेपी का अहंकार टूट जाएगा: अधीर रंजन चौधरी

कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि संसद के अंदर बातचीत संख्या पर नहीं बल्कि मुद्दों पर होती है। संसद इसी तरह चलती है। जब जवाहर लाल नेहरू प्रधानमंत्री थे तो संसद में अटल बिहारी वाजपेयी के पास कितनी संख्या थी? संख्या का यह अहंकार आज या कल टूट जायेगा।

8 Aug 202310:08:55 AM

No Confidence Motion पर निशिकांत दुबे करेंगे बहस की शुरुआत!

भाजपा सूत्रों का कहना है कि अविश्वास प्रस्ताव पर भाजपा की ओर से डॉ. निशिकांत दुबे पहले वक्ता होंगे।

8 Aug 202310:07:34 AM

Delhi Services Bill पर क्या बोली RJD?

राजद नेता मनोज झा ने कहा कि दिल्ली सेवा विधेयक सदन से पारित होने के बाद भाजपा इसे अन्य राज्यों में भी दोहराने की कोशिश करेगी।

8 Aug 20239:48:17 AM

बीजेपी संसदीय दल की बैठक जारी

अविश्वास प्रस्ताव पर बहस की शुरुआत से पहले बीजेपी संसदीय दल की बैठक हो रही है। इस बैठक में पीएम मोदी भी मौजूद हैं।

8 Aug 20239:47:47 AM

अविश्वास प्रस्ताव की जरूरत नहीं थी: सुशील मोदी

बीजेपी नेता सुशील कुमार मोदी ने कहा कि अविश्वास प्रस्ताव महज औपचारिकता है, इसकी कोई जरूरत नहीं थी। उन्होंने कहा कि हम मणिपुर मुद्दे पर दोनों सदनों में चर्चा के लिए तैयार थे।