Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

असम के सीएम हिमंत बिस्व सरमा के खिलाफ हैदराबाद में केस दर्ज,


हैदराबाद, । कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी पर टिप्पणी को लेकर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। हैदराबाद पुलिस ने बुधवार को असम के सीएम के खिलाफ केस दर्ज किया है। तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और सांसद ए रेवंत रेड्डी सीएम के खिलाफ ये शिकायत दर्ज कराई है।

सरमा के खिलाफ जुबली हिल्स थाने में केस दर्ज हुआ है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कानूनी राय लेने के बाद संबंधित आइपीसी की धाराओं के तहत असम के सीएम के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। रेवंत रेड्डी ने अपनी शिकायत में कहा कि असम के सीएम ने उत्तराखंड में एक रैली के दौरान राहुल गांधी के खिलाफ शर्मनाक टिप्पणी की है।

चंद्रशेखर राव ने की बर्खास्त करने की मांग

तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा को बर्खास्त करने की मांग की है। केसीएर ने कहा कि असम के मुख्यमंत्री इस तरह कैसे बात कर सकते हैं।

सरमा की टिप्पणी पर हंगामा

गौरतलब है कि हिमंत बिस्व सरमा ने सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगे जाने को लेकर विरोधियों पर निशाना साधा था। सरमा ने कहा कि सेना से सवाल करना सबसे बड़ा अपराध है। सरमा ने राहुल गांधी के वंश पर सवाल भी उठाए थे। इतना ही नहीं, सरमा ने ये भी कहा था कि कांग्रेस नेता की भाषा 1947 से पहले मुहम्मद अली जिन्ना के समान है। सरमा ने राहुल को आधुनिक समय का जिन्ना तक कहा था।