Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

असम-मिजोरम सीमा पर तनाव, असम ने राजकीय शोक की घोषणा की


  • गुवाहाटी असम सरकार ने मिजोरम के साथ सीमा विवाद को ले कर हुए संघर्ष में पांच पुलिसकर्मियों और एक आम नागरिक की मौत पर मंगलवार से तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की। इस बीच असम-मिजोरम सीमा पर तनाव बना हुआ है और सीमा से लगते कछार जिले के लोगों ने पड़ोसी राज्य की आर्थिक नाकेबंदी की धमकी दी है।

असम सरकार ने एक आदेश जारी करने बताया कि राजकीय शोक की अवधि में राष्ट्र ध्वज आधा झुका रहेगा और सार्वजनिक मनोरंजन के कोई भी कार्यक्रम आयोजित नहीं होंगे।

असम और मिजोरम के बीच सीमा विवाद के सोमवार को अचानक खूनी संघर्ष में तब्दील हो जाने से कम से कम छह लोगों की मौत हो गई और एक पुलिस अधीक्षक समेत 60 अन्य घायल हो गए।

केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस संबंध में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा और मिजोरम के मुख्यमंत्री जोरामथंगा से बातचीत की और विवादित सीमा पर शांति सुनिश्चित करने की उनसे अपील की। इससे पहले शाह ने पिछले सप्ताह भी पूर्वोत्तर राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक करके उनसे सीमा विवाद को हल करने की अपील की थी।