Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

आंध्र प्रदेश बहन के यौन उत्पीड़न का विरोध करने पर चली गई भाई की जान आरोपियों ने पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया


चेरुकुपल्ली, । बापतला जिले में एक नाबालिग लड़के को आग लगाने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को इस बात की जानकारी दी है।

चार लोगों ने पकड़कर जिंदा जलाया

पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी पामू वेंकटेश्वर रेड्डी (20) ने तीन अन्य व्यक्तियों, पामू गोपी रेड्डी (25), मंडेला वीरा बाबू (20) और तुम्मा सांबी रेड्डी के साथ मिलकर एक लड़के को रोका। आरोपियों ने पहले उस नाबालिग लड़के की पिटाई की और फिर उसके ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।

बहन के यौन उत्पीड़न का किया था विरोध

बापतला के पुलिस अधीक्षक वकुल जिंदल ने शनिवार को बताया, ”घटना शुक्रवार (16 जून) सुबह साढ़े पांच बजे की है। आरोपी और उसके तीन साथी सुबह चार बजे से पीड़ित का इंतजार कर रहे थे।” पुलिस ने कहा कि हत्या के पीछे का कारण यह था वेंकटेश्वर रेड्डी ने नाबालिग के बहन का यौन उत्पीड़न किया था, जिस पर पीड़ित ने विरोध किया था। उसी का बदला लेने के लिए आरोपियों ने नाबालिग की जान ले ली।

आरोपी की मां को बताई पूरी कहानी

पुलिस ने बताया कि आरोपी ने प्यार का झांसा देकर उसका यौन उत्पीड़न किया। अफेयर के बारे में जानने पर, लड़की के परिवार ने सभी को सूचित किया और वेंकटेश्वर रेड्डी की मां से भी इसकी शिकायत की कि उनका बेटा उनकी बहन को परेशान कर रहा है।

घर तक बात पहुंचने से नाराज था आरोपी

वेंकटेश्वर रेड्डी की मां ने कथित तौर पर इस मुद्दे पर आत्महत्या करने की धमकी दी। जिसके बाद से नाराज वेंकटेश्वर रेड्डी ने लड़के के खिलाफ प्लानिंग शुरू कर दी और  उसे जिंदा जला दिया। लड़का चेरुकुपल्ली गांव में एक दूरदराज के स्थान पर मृत पाया गया।

एक आरोपी अब भी फरार

पुलिस ने कहा कि उन्होंने शुक्रवार को वेंकटेश्वर रेड्डी को उठाया और उनसे पूछताछ की और उन्होंने अपराध कबूल कर लिया। हालांकि, चार में से एक आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।