राष्ट्रीय

आफताब की नई गर्लफ्रेंड बोली-मर्डर की जानकारी नहीं:कहा- दो बार घर गई, लगा नहीं कि वहां श्रद्धा की लाश के टुकड़े थे


श्रद्धा मर्डर केस में आफताब की नई गर्लफ्रेंड सामने आई है। उसने दावा किया है कि श्रद्धा के मर्डर या उसके टुकड़ों से उसका कोई लेना-देना नहीं है। लड़की ने बताया कि जब वह आफताब से मिलने उसके घर आती थी, तो उसे अंदाजा भी नहीं था कि आफताब ने इसी घर में श्रद्धा की लाश के टुकड़े रखे थे।

मई में श्रद्धा के मर्डर के बाद आफताब ने इस नई लड़की को डेट करना शुरू किया था। दोनों की मुलाकात उसी बम्बल ऐप पर हुई थी, जिसके जरिए श्रद्धा और आफताब मिले थे। यह नई गर्लफ्रेंड अक्टूबर में दो बार आफताब के घर आई थी। उसने पुलिस को यह भी बताया कि आफताब ने उसे 12 अक्टूबर को एक आर्टिफिशियल रिंग दी थी। पुलिस ने उससे यह रिंग बरामद कर ली है और उसका बयान रिकॉर्ड कर लिया है।

पुलिस की जांच में सामने आया कि श्रद्धा के मर्डर के 12 दिन बाद 30 मई को दोनों कॉन्टैक्ट में आए। आफताब की नई पार्टनर एक साइकेट्रिस्ट है। उसने पुलिस को बताया कि वह अक्टूबर में दो बार आफताब के घर गई थी, लेकिन उसे कभी महसूस नहीं हुआ कि इस घर में किसी का मर्डर हुआ है या यहां किसी इंसानी शरीर के टुकड़े रखे हुए थे।

उसने यह भी कहा कि उसने आफताब को कभी डर में नहीं देखा। आफताब उसे अपने मुंबई वाले घर के बारे में बताया करता था।

लड़की ने बताया कि आफताब का व्यवहार उसे हमेशा नॉर्मल लगा। वह काफी केयरिंग नेचर का था, जिस वजह से उसे कभी लगा नहीं कि आफताब का मेंटल स्टेटस सही नहीं है। उसने बताया कि आफताब के पास डियोड्रेंट और परफ्यूम्स की अलग-अलग वैराइटीज का एक कलेक्शन था और वह उसे भी अक्सर परफ्यूम गिफ्ट किया करता था। उसने बताया कि आफताब काफी सिगरेट पीता था और अपनी सिगरेट खुद रोल करता था। वह कई बार स्मोकिंग छोड़ने की बात कह चुका था।

उसने यह भी बताया कि आफताब अलग-अलग तरह का खाना खाने का शौकीन था और अलग-अलग रेस्टोरेंट से नॉन-वेज आइटम मंगवाया करता था। आफताब ने उसे यह भी बताया कि रेस्टोरेंट में जिस तरह से शेफ खाने की सजावट करते हैं, वह उसकी हॉबी है।आफताब का नार्को टेस्ट 1 दिसंबर को किया जाएगा। दिल्ली की साकेत कोर्ट ने इसकी परमिशन दे दी है। 28 साल के आफताब ने 18 मई को 27 साल की श्रद्धा का मर्डर कर दिया था। उसने श्रद्धा के शव के 35 टुकड़े किए थे। दोनों लिव-इन में रहते थे।