Latest News अन्तर्राष्ट्रीय

इमरान खान पर जमकर बरसीं पूर्व पत्‍नी रेहम खान,


इस्‍लामाबाद  पाकिस्‍तान के प्रधानमंत्री इमरान खान की दूसरी पत्‍नी पत्रकार रेहम खान ने उनकी कड़ी आलोचना की है। उन्‍होंने पाकिस्‍तान की जनता से कहा है कि उन्‍हें इमरान खान द्वारा देश में फैलाई गंदगी को साफ करने के लिए एकजुट होना चाहिए। रेहम ने इमरान खान के बारे में कहा कि अब वो इतिहास हैं। ऐसे में सभी को इस गंदगी को साफ करने के लिए एक साथ आना चाहिए। उन्‍होंने इमरान खान को नाकाम बताया है।

इमरान खान में नहीं समझ

रेहम ने यहां तक कहा है कि इमरान के पास नया पाकिस्‍तान बनाने लायक न तो समझ है और न ही काबलियत है। उन्‍होंने इमरान खान द्वारा दिए गए देश के नाम संबोधन का भी जिक्र किया। उन्‍होंने कहा कि इसमें इमरान खान ने कहा कि उनके पास में अल्‍लाह का दिया सब कुछ था। पैसा, नाम, शोहरत, इज्‍जत। उन्‍होंने इस भाषण का जिक्र करते हुए कहा कि इमरान ने खुद कहा कि उन्‍होंने बचपन में पाकिस्‍तान को आगे बढ़ते हुए देखा है। रेहम ने उनकी नीतियों की भी जमकर आलोचना की है।

 

इमरान ने मानी थी गलती

बता दें कि इमरान खान वर्ष 2018 में नया पाकिस्‍तान बनाने का नारा देकर सत्‍ता में आए थे, लेकिन उनके पीएम बनने के बाद से देश की आर्थिक दुश्‍वारियों के दिन लगातार बढ़ते चले गए। देश पर विदेशों का कर्ज बेतहाशा बढ़ गया है। इसके अलावा देश में महंगाई लगातार रिकार्ड तोड़ रही है। देश में मुद्रास्‍फीति की दर लगातार बढ़ रही है। वहीं विपक्ष ने भी इमरान खान को सत्‍ता से हटाने के लिए मुहिम छेड़ रखी है। अपने एक इंटरव्‍यू में इमरान खान ने खुद माना था कि वो अपने वादे और नारे को हकीकत बनाने से चूक गए हैं।