पटना

उत्तर प्रदेश में भाजपा के साथ लड़ेगा जदयू : आरसीपी


दोनो दलों के बीच चल रही सकारात्मक वार्ता

पटना (आससे)। केन्द्रीय इस्तात मंत्री व उत्तर प्रदेश चुनाव को लेकर भाजपा के साथ वार्ता के लिए अधिकृत नेता रामचन्द्र प्रसाद सिंह ने बुधवार को स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी यूपी में भाजपा के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी। इसके लिए भाजपा नेताओं के साथ अब भी वार्ता चल रही है और व सकारात्मक दौर में है।

उन्होंने कहा कि जदयू के कार्यकर्ताओं व बड़े नेताओं की शुरू से राय है कि वहां पार्टी भाजपा के साथ मिलकर चुनाव लड़े और भाजपा के नेता भी जदयू को साथ लेकर चुनाव लडऩा चाहते हैं। जैसे जदयू 2020 में भाजपा के साथ बिहार विधानसभा चुनाव लड़ा था उसी तरह 2022 में भाजपा के साथ उत्तर प्रदेश का चुनाव लड़ेगा। उन्होंने कहा कि 2017 से पूर्व हमलोग भाजपा से अलग थे और अब साथ हैं तो यूपी विधानसभा चुनाव भी साथ लड़ेंगे।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जदयू व भाजपा के बीच अंतर्विरोध नहीं है। मंगलवार को यूपी प्रभारी केसी त्यागी के बयान पर श्री सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जदयू का संगठन है हर प्रदेश के संगठन के साथी ज्यादा से ज्यादा चुनाव लडऩा चाहते हैं। मगर सबके बावजूद सबकी इच्छा यह भी है कि हमलोग भाजपा के साथ चुनाव लड़ें। इस ओर से भाजपा की ओर से सकारात्मक संदेश मिल रहे हैं।