पटना

उत्तर बिहार में बाढ़ का कहर जारी


सुगौली में पीएचसी में घुसा पानी, शिवहर से सीतामढ़ी व मोतिहारी रोड पर आवागमन ठप

पटना। उत्तर बिहार में बाढ़ की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है। गंडक, बूढ़ी गंडक, बागमती समेत अन्य नदियां अभी भी कई जगहों पर खतरे के निशान से उपर बह रहीं है। इससे नये इलाके में बाढ़ के पानी का फैलाव हो रहा है। पूर्वी चम्पारण के सुगौली में शहर के साथ-साथ रेलवे क्वार्टर में भी सिकरहना (बूढ़ी गंडक) का पानी प्रवेश कर गया है। बेतिया के लौरिया-चनपटिया में सिकरहना का फैल रहा है।

जिले में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। करीब एक दर्जन प्रखंड बाढ़ से प्रभावित हैं। सुगौली में तीसरी बार रेलवे क्वार्टर व पीएचसी में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। जलस्तर में वृद्धि जारी है। बाढ़ का कहर थम नहीं रहा है। जिले में छह लाख से अधिक आबादी बाढ़ का कहर झेल रही है। अरेराज, केसरिया प्रखंड में तीसरी बार बाढ़ ने दस्तक दी है। बंजारिया में नदी का जलस्तर कम हो रहा है।

मोतिहारी सदर प्रखंड के कई गांव अब भी बाढ़ से त्रस्त हैं। मोतिहारी नगर निगम के दस वार्ड बाढ़ से प्रभावित हैं। गंडक व बूढ़ी गंडक नदी के जलस्तर में उतार चढाव जारी है। डुमरिया घाट में गंडक नदी लाल निशान से 1.37  मीटर ऊपर बह रही है। लाल बेगिया सिकरहना में 84 सेमी व अहिरौलिया में बूढ़ी गंडक नदी 32 सेमी लाल निशान से ऊपर बह रही है।

बागमती का उफान थमने से शिवहर जिले में बाढ़ की स्थिति सामान्य होने लगी है। जिले में बाढ़ से पांच प्रखंडों के 24 गांव प्रभावित हुए हैं। सबसे अधिक पिपराही प्रखंड के 13 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। इसके अलावा पुरनहिया प्रखंड के दो, शिवहर प्रखंड के एक, डुमरी कटसरी प्रखंड के तीन तथा तरियानी प्रखंड के 2 गांव बाढ़ से प्रभावित है। बाढ़ के कारण आवागमन की दयनीय स्थिति बनी हुई है। शिवहर-सीतामढ़ी और शिवहर मोतिहारी भाया बेलबा पथ पर आवागमन पंद्रह दिनों से बाधित है। इधर शिवहर-मुजफ्फरपुर पथ पर भी आने-जाने में परेशानी हो रही है।

अधवारा समूह की नदियों का जलस्तर बढऩे और केवटी के कोठिया में महाराजी बांध टूटने के कारण बाढ़ का पानी दरभंगा शहर के दिल्ली मोड़ स्थित बस स्टैंड परिसर में भी प्रवेश कर गया है। इस वजह से बसों का परिचालन मुख्य सड़क से ही हो रहा है। हालांकि कोठिया में बांध की मरम्मत कर ली गयी है। लेकिन दो दिनों में बाढ़ का पानी सदर प्रखंड क्षेत्र में प्रवेश कर गया है। सदर प्रखंड की कई पंचायतों में लोगों के घरों में पानी प्रवेश कर गया है।

नगर निगम क्षेत्र के भी विभिन्न वार्डों में बाढ़ का पानी बढ़ रहा है। उधर, केवटी प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में भी बाढ़ का कहर जारी है। वहीं, हनुमाननगर प्रखंड क्षेत्र में भी बाढ़ का पानी कहर ढा रहा है। बड़ी संख्या में लोग ऊंचे स्थानों पर शरण लिए हुए है। जिला प्रशासन ने सामुदायिक किचन शुरू करने का आदेश दिया है।