Uncategorized

उपद्रव के एक दिन बाद प्रयागराज सहित अन्य शहरों में शांति, पुलिस की टीमें खंगाल रही सीसीटीवी की फुटेज


लखनऊ। पैगंबर पर टिप्पणी करने के मामले में भाजपा की प्रवक्ता नुपुर शर्मा व नवीन जिंदल की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शुक्रवार को नमाज के बाद कई शहरों में मुस्लिमों ने उग्र प्रदर्शन किया। कई शहरों में प्रदर्शन के हिंसक होने के बाद पुलिस की टीमें एक्शन में आ गई। प्रदेश में शनिवार को माहौल शांत है।

पुलिस ने सभी जगह पर स्थिति को नियंत्रण में किया है। इस मामले में अब तक 227 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पुलिस की टीमें पेट्रोलिंग पर हैं। प्रदेश के प्रयागराज तथा फिरोजबाद के साथ ही सहारनपुर समेत छह जिलों में माहौल काफी बेहतर है। अब प्रदेश सरकार सभी जगह पर सरकारी व निजी संपत्तियों को क्षति पहुंचाने वालों से वसूली भी करेगी।

प्रयागराज के अटाला में शुक्रवार को हुए बवाल के बाद शनिवार सुबह से हर तरफ सन्नाटा है। पुलिस पीएससी आरएएफ के जवान जगह-जगह तैनात हैं। अटाला इलाका पुलिस छावनी में तब्दील है। सभी दुकानें बंद हैं। लोग अपने अपने घरों में कैद हैं। अटाला जाने वाले सभी मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई है। किसी को भी भीतर दाखिल होने नहीं दिया जा रहा है। माहौल तनावपूर्ण है। एसएसपी अजय कुमार का कहना है कि बवाल करने वालों को लगातार चिन्हित किया जा रहा है। सभी जगह सीसीटीवी फुटेज और बवाल की वीडियो देखी जा रही है ताकि उपद्रवियों की पहचान हो सके। अब तक 68 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। यहां पर शुक्रवार से ही धारा 144 लागू है।

सुहागनगरी फिरोजबााद में शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद हुए बवाल के बाद जिले में खासतौर पर शहर में रात भर अलर्ट रहा। सुबह माहौल सामान्य है। शुक्रवार को जिन मुस्लिम इलाकों में बाजार और दुकानें बंद थी, वहां भी बाजार और दुकानें खुली हैं। पुलिस और पीएसी तैनात है। यहां पर शहरकाजी सैय्यद शाहनियाज अली अपने कार्यालय इमामबाड़ा पर पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन देंगे। पुलिस ने इस मामले में अब तक सात नामजद और 80-90 अज्ञात लोगों को खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। आठ लोगों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।

मुरादाबाद में भी शनिवार को शांति है। पुलिस ने बीती रात 90 आरोपितों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर सात को गिरफ्तार किया था। माना जा रहा हैकि पुलिस दिन में कुछ और लोगों को गिरफ्तार कर सकती है। अंबेडकरनगर के टांडा के तलवापार में भारी संख्या में पुलिस व पीएसी के जवान तैनात हैं। पुलिस टीम ने पैदल मार्च भी किया है। अभी तक कुल 28 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने 36 नामजद व 50 अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है। फरार लोगों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।

गौरतलब है कि जुमा की नमाज के बाद शुक्रवार को मुस्लिमों के प्रदर्शन के उग्र होने के कारण प्रयागराज में जमकर पथराव के साथ आगजनी भी की गई। इस दौरान वहां के आइजी व एसएसपी घायल हो गए। सहारनपुर, देवबंद, हाथरस और अंबेडकरनगर में भी पथराव के बाद पुलिस ने सभी जगह पर सख्ती करते हुए उपद्रवकारियों पर नियंत्रण किया।