पटना

उपमुख्यमंत्री ने किया तिरुपति चीनी मिल का शुभारंभ


बगहा विधायक व प्रशासनिक अधिकारी कार्यक्रम में रहे मौजूद

बगहा (आससे)। तिरूपति शुगर मिल का पेराई सत्र-2021-22 का शुक्रवार को विधिवत शुभारंभ हो गया। विधिवत पूजन के बाद विशिष्ट अतिथि रेणु देवी उप मुख्यमंत्री बिहार सरकार ने अन्य अतिथियों व मिल अधिकारियों के साथ गणमान्य लोगों ने चेन में गन्ना डाला। इससे पूर्व हवन पूजन की रस्में निभाई गई और पहले गन्ना लेकर पहुंचे किसान को सम्मानित किया गया।

शुक्रवार को दोपहर करीब सवा बारह बजे उप मुख्यमंत्री हवन पूजन में शामिल हुई। उसके बाद सबसे पहले गन्ना लेकर पहुंचे किसानों को चादर ओढ़ाकर व फूलमाला पहनाकर सम्मानित किया गया। उसके बाद उक्त गन्ने को उपमुख्यमंत्री ने मिल अधिकारियों के साथ चेन में गन्ना डालकर पेराई सत्र का शुभारंभ किया गया। इसका विधिवत पूजन विद्वान पंडितों के द्वारा कराया गया। वही कुछ किसानों ने गन्ना मूल्य में बढ़ोतरी नहीं होने पर नाराजगी जाहिर की।

भाजपा सदस्य व पेशे से किसान शेष नाथ साह ने कहा कि पेराई सत्र के शुभारंभ में आए कुछ किसानों ने सरकार के विरुद्ध रोष दिखाया। किसानों का कहना था कि गन्ने का मूल्य क्यों ज्यों का त्यों है जबकि खाद यूरिया, डीजल व मजदूरी सभी चीजों का दाम देढ़ गुना तक बढ़ चुका है। गन्ना का जो मूल्य मिल रहा है वह पूरी तरह से किसानों की कमर तोड़ रहा है। चीनी 30 रूपये किलो खुदरा में बिक रहा था इस समय जो गन्ने का मूल्य था वही आज भी है। जबकि चीनी का खुदरा भाव 45 रूपये तक पहुंच गया है।

इस संबंध में पूछे जाने पर उप मुख्यमंत्री ने किसानों को आश्वासन दिया कि गन्ना मूल्य जरूर बढ़ेगा। आप सभी घबराए नहीं। रही बात महंगाई की तो आप सभी को यह ज्ञात होना चाहिए कि सरकार ने अरबों-खरबों रुपए का मुफ्त वैक्सीन अपने नागरिकों को लगवाया है। यह सरकार की बहुत बड़ी उपलब्धि है। वही तिरुपति शुगर मिल के एमडी दीपक यादव ने कहा कि सरकार अगर गन्ना मूल्य निर्धारित करती है तो मुझे देने में कोई दिक्कत नहीं है। हमारा प्रबंधन हमेशा किसानों के साथ है।

इस दौरान मौके पर पेराई सत्र के शुभारंभ के लिए तिरूपति शुगर मिल के एमडी दिपक यादव,बगहा विधान सभा के विधायक राम सिंह, गन्नामहाप्रबंधक बीएन त्रिपाठी, अनुमंडल पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कैलाश प्रसाद, एएसपी अभियान देवेश कुमार मिश्रा, भारतीय थारु कल्याण महासंघ के केंद्रीय अध्यक्ष दीप नारायण प्रसाद, लगभग सभी पंचायतों के मुखिया-सरपंच तथा समाजसेवी आदि मौजूद रहे।