News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

कर्नाटकः येदियुरप्पा ने इस्तीफे की अटकलों को किया खारिज


  • नई दिल्ली। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने अपने इस्तीफे की अटकलों को शनिवार को खारिज करते हुए कहा कि इनमें कोई सच्चाई नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि वह बेंगलुरु लौटने से पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा प्रमुख जे पी नड्डा से मुलाकात करेंगे।

इस सवाल पर कि क्या उन्होंने इस्तीफा दे दिया, यहां कर्नाटक भवन में येदियुरप्पा ने पत्रकारों से कहा, ‘बिल्कुल भी नहीं।’ मुख्यमंत्री ने कहा कि अफवाह में कोई सच्चाई नहीं है। येदियुरप्पा भाजपा प्रमुख और केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात करने के बाद शनिवार को बेंगलुरु लौटेंगे। येदियुरप्पा ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की थी और कावेरी नदी पर मेकेदतु परियोजना समेत राज्य के लंबित कार्यों पर चर्चा की।

यह बैठक ऐसे समय में हुई है जब राजनीतिक हलकों में ये अटकलें लगायी जा रही हैं कि येदियुरप्पा को मुख्यमंत्री पद से हटाया जा रहा है। कर्नाटक भाजपा के कुछ असंतुष्ट नेता येदियुरप्पा और उनके परिवार पर भ्रष्टाचार तथा प्रशासन में हस्तक्षेप के आरोपों को लेकर निशाना साध रहे हैं जिससे पार्टी तथा सरकार की फजीहत हुई है।