News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

कर्नाटक में कांग्रेस की महिला कार्यकर्ता ने भाजपा विधायक पर लगाया धमकी देने का आरोप,


बेंगलुरु, बेंगलुरु में शनिवार को भाजपा विधायक अरविंद लिंबावली द्वारा एक महिला कार्यकर्ता को सार्वजनिक रूप से धमकी देने का मामला सामने आया है। विधायक लिंबावली की धमकी के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है और इसकी निंदा की जा रही है। कांग्रेस की महिला कार्यकर्ता रूथ सागे मैरी ने कहा कि व्हाइटफील्ड इलाकों में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने के दौरान भाजपा विधायक से मिलने की कोशिश की, तो विधायक ने अभद्रतापूर्ण व्यवहार किया।

विधायक ने जेल में डालने की दी धमकी

महिला कार्यकर्ता ने कहा, ‘विधायक लिंबावली ने पुलिस को मुझे जेल में डालने का निर्देश दिया। उन्होंने मुझसे कहा कि, क्या आपके पास कोई आदर और सम्मान है? आप जमीन पर कब्जा करते हैं और अब आप विधायक के सामने आई हैं। मुझे पुलिस थाने ले गई और मुझे वहीं बैठा दिया।’ उन्होंने कहा कि 1971 में बनी उनकी संपत्ति को BBMP ध्वस्त करने की कोशिश कर रही है। चाहे जो भी समस्या हो, विधायक सार्वजनिक स्थान पर एक महिला के साथ ठीक से व्यवहार कर सकते थे।

महिला कार्यकर्ता को थाने ले गई पुलिस

रूथ ने आरोप लगाया कि रात 10 बजे तक उन्हें थाने में रखा गया और कोई फोन करने की अनुमति नहीं दी गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विधायक लिंबावली ने उसका हाथ खींचने की कोशिश की। हालांकि इस घटना पर अपने बचाव में विधायक लिंबावली ने कहा है कि उन्होंने केवल महिला को अतिक्रमण हटाने के लिए कहा था।

विधायक पर कार्रवाई की मांग

वरिष्ठ नेता और कांग्रेस विधायक दिनेश गुंडू राव ने मांग की है कि राज्य महिला आयोग (State Women’s Commission) को इस घटना पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘विधायक को किसी महिला से इस तरह बात नहीं करनी चाहिए थी। इस सब के बारे में बात करने वाला कौन है? भाजपा के सभी नेता घमंड के साथ व्यवहार करते हैं।’