News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

कश्मीर में मच्छल सेक्टर से घुसपैठ के प्रयास में दो आतंकी ढेर, दोनों तरफ से हुई गोलीबारी


श्रीनगर।  उत्तरी कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर मच्छल(कुपवाड़ा) सेक्टर में वीरवार को सेना के जवानों ने आतंकियों की घुसपैठ की एक कोशिश को नाकाम बना दिया। उन्होंने दो आतंकियों को मुठभेड़ में मार गिराया।

अन्य घुसपैठियों के खिलाफ सैन्य अभियान जारी रखा गया है। बीते एक सप्ताह के दौरान उत्तरी कश्मीर में घुसपैठ की यह दूसरी घटना है। इससे पूर्व बीते इतवार को उड़ी सेक्टर में सेना के जवानों ने घुसपैठ की एक कोशिश को नाकाम बनाते हुए दो आतंकियों को मार गिराया था।

 

संबधित अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा एजेंसियों को अपने तंत्र से पहले ही पता चल गया था कि आतंकियों का एक दल कुपवाड़ा में नियंत्रण रेखा पर घुसपैठ करने के लिए अवसर की तलाश में है। इसके आधार पर सेना ने घुसपैठ की दृष्टि से संवेदनशील कहे जाने वाले सभी अग्रिम इलाकों में चौकसी बढ़ाई थी।

आज तड़के गश्त कर रहे जवानों ने घुसपैठ करते देखा

मच्छल सेक्टर में सरदारी नाड़ इलाके में वीरवार तड़के गश्त कर रहे सेना की 56 आरआर और 53 ब्रिगेड के जवानों के एक संयुक्त कार्यदल ने घुसपैठियों को भारतीय इलाके में दाखिल होते देखा। उन्होंने उसी समय अपनी पोजीशन ली और आस-पास की चौकियों को सचेत कर दिया। जवानों ने घुसपैठियों को ललकारते हुए आत्मसमर्पण के लिए कहा।

दोनों तरफ से हुई गोलीबारी, दो आतंकी ढेर

जवानों की ललकार सुनते ही आतंकियों ने वापस गुलाम कश्मीर की तरफ भागना शुरु कर दिया। उन्होंने जवानों का अपना पीछा करने से रोकने व उनका ध्यान बंटाने के लिए उन पर फायरिंग की। जवानों ने खुद को बचाते हुए जवाबी फायर किया। इसके बाद दोनों तरफ से गोलीबारी शुरु हो गई। इसमें दो आतंकी मारे गए। अन्य आतंकियों केा मार गिराने का अभियान जारी है।

 

संबधित अधिकारियों ने बताया कि मच्छल में घुसपैठ का एक प्रयास विफल किया गया है। दो घुसपैठिए मारे गए हैं। उनके अन्य साथियों केा मार गिराने का अभियान जारी है। अन्य विवरण की प्रतीक्षा है।