Latest News नयी दिल्ली पटना बिहार राष्ट्रीय

बलिया में बवाल के बाद पहुंचे गिरिराज सिंह, विरोध में हुई नारेबाजी के बाद लौटे


बेगूसराय। बेगूसराय के बलिया बाजार में बुधवार की देर शाम एक प्रतिमा के सामने दूसरे समुदाय की महिलाओं द्वारा छत से ईंट गिराने के बाद शुरू हुए विरोध-प्रदर्शन का गुरुवार सुबह पांच बजे पटाक्षेप हुआ।

पूजा समितियों की मांग पर रात तीन बजे हिरासत में लिए गए 10 लोगों को पीआर बॉन्ड पर छोड़ा गया, तब रात भर सड़क पर रखीं गईं छह पूजा समितियों की प्रतिमाएं शासन की देखरेख में विसर्जित की गईं।

अभी सामान्य स्थिति है। पुलिस कैंप कर रही है। विरोध प्रदर्शन के दौरान दूसरे पक्ष की दुकानों की क्षति हुई है, वे लोग मुआवजा मांग रहे हैं।

मौके पर पहुंचे गिरिराज सिंह

इधर, सूचना मिलने पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, विधायक कुंदन कुमार व अन्य नेता ने घटनास्थल पर पहुंचकर लोगों से बातचीत की है।

उधर, पुलिस का कहना है कि प्रतिमा के सामने ईंट गिराने वाली महिलाओं को चिह्नित किया जा रहा है। गुरुवार की सुबह बलिया बाजार की एक-दो दुकानें खुलीं।

वहीं, स्टेशन रोड पर सन्नाटा पसरा हुआ है। बुधवार रात विरोध-प्रदर्शन कर रहे लोगों पर लाठीचार्ज कर पुलिस ने खदेड़ा था। इसमें कई लोग चोटिल भी हुए थे।

 

गिरिराज सिंह के खिलाफ नारे लगने पर लौटे

जानकारी के अनुसार, बलिया में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह को गुरुवार को विरोध का सामना करना पड़ा है। घटनास्थल का मुआयना कर सांसद गिरिराज सिंह जब कर्पूरी चौक पर पहुंचे तो वहां बैठकर मीडिया से बातचीत कर रहे थे।

इसी दौरान जिन लोगों की दुकान व समान जलाया गया, वह जुटकर गिरिराज सिंह के खिलाफ नारे बाजी करने लगे।

हालात को भांपते हुए केंद्रीय मंत्री वहां से ऊपर टोला, मीरदह टोली होते हुए बलिया बाजार श्रीमती अनार देई शेठानी विवाह भवन चले गए। वहां पहुंचकर कार्यकर्ताओं व आमजनों से संवाद किया।

इधर, दूसरी ओर आईएनडीआईए गठबंधन में शामिल पार्टियों के नेताओं की बैठक बलिया व्यापार मंडल सभागार में चल रही है।

इसमें मटिहानी विधायक राजकुमार, जदयू जिलाध्यक्ष रूदल राय, कांग्रेस, भाकपा माले सहित कई दल के नेता बैठक कर शांति मार्च निकालने की बात कह रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री ने क्या कुछ कहा

गुरुवार को बलिया पहुंचे केंद्रीय मंत्री गिरिराज ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि ये एक प्रयोग है। बेगूसराय को टारगेट किया गया है। अभी एक महीने के अंदर ही यहां मंदिर को तोड़ा गया था।

चार दर्जन हिंदुओं को पकड़कर जेल में बंद कर दिया गया। इसके बाद बेगूसराय में लव जिहाद सुनियोजित तरीके से चल रहा है। अभी बलिया में दुर्गा पूजा में हुआ।