Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

भाजपा कार्यकर्ता की हत्या पर बोले CM बसवराज बोम्मई- आरोपियों की जल्द होगी गिरफ्तारी,


बेंगलुरु,  Praveen Nettaru Murder- कर्नाटक के दक्षिण कन्नड़ में भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता की हत्या मामले में कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने बयान दिया। सीएम बोम्मइ ने कहा कि मामले में तुरंत कार्रवाई की गई है और आरोपी को जल्द पकड़ा जाएगा। ये घटना केरल सीमा के पास हुई, इसलिए कर्नाटक पुलिस, केरल पुलिस के संपर्क में है। हालांकि, कर्नाटक के गृह मंत्री अरागा ज्ञानेंद्र ने दावा किया है कि संभावना है कि हत्या में शामिल आरोपी पड़ोसी राज्य केरल भाग गए होंगे।

बेल्लारे में की गई थी कार्यकर्ता की हत्या

दरअसल, भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता प्रवीण नेट्टारू की मंगलवार देर शाम दक्षिण कन्नड़ के बेल्लारे में बाइक सवार अज्ञात लोगों ने धारदार हथियारों से हत्या कर दी थी। इस घटना को केरल सीमा के पास अंजाम दिया गया। इस मामले में कर्नाटक पुलिस जांच कर रही है। लेकिन अभी तक आरोपियों को कुछ पता नहीं लग पाया है।

jagran

जल्द होगी आरोपियों की गिरफ्तारी- सीएम बसवराज बोम्मई

वहीं, दक्षिण कन्नड़ में भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता की हत्या पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कहा कि मंगलुरु के SP ने कासरगोड के SP से बात की है और कर्नाटक के DGP केरल के DGP से बात करेंगे। ऐसा लगता है कि ये एक पूर्व नियोजित घटना है जो अन्य मामलों से समानता रखती है। मामले में तुरंत कार्रवाई की गई है और आरोपी को जल्द पकड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवार के प्रति संवेदना भी व्यक्त की और उन्हें न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘जब एक निर्दोष व्यक्ति की हत्या होती है तो लोग आक्रोशित हो जाते हैं। मैं सभी से शांतिपूर्ण और धैर्य रखने की अपील करता हूं’।

केरल पुलिस के संपर्क में है कर्नाटक पुलिस- कर्नाटक के गृह मंत्री

इस घटना पर कर्नाटक के गृह मंत्री अरागा ज्ञानेंद्र ने कहा कि गहन जांच से पता चलेगा कि हत्या के पीछे कोई राजनीतिक मकसद तो नहीं था। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की तलाश जारी है। ऐसा संदेह है कि आरोपी केरल भाग गए हैं और हम वहां की पुलिस के संपर्क में हैं। जांच से पता चलेगा कि हत्या राजनीति से प्रेरित थी या इसके पीछे अन्य कारण थे।