News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

कांग्रेस ने लोगों को भ्रमित करने वाले दिए बयान, फिर खुद चुपके-चुपके लगा रहे हैं वैक्सीन : नड्डा


  • भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भारतीय जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 68वीं पुण्यतिथि पर बुधवार को उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज हम सभी उस महान आत्मा को श्रद्धांजलि देते हैं जिन्होंने भारत की एकता और अखंडता के लिए अपने जीवन का बलिदान दिया। वहीं उन्होंने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा।

नड्डा ने कहा कि वे आजाद भारत के उन नेताओं में से एक रहे जिन्होंने देश की एकता और अखंडता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उनका संपूर्ण जीवन उपलब्धियों के साथ साथ त्याग से भी भरा हुआ था। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी भी अपने आप को पद के साथ नहीं जोड़ा, बल्कि उन्होंने हमेशा विचार के साथ अपने आप को जोड़ा। वो बंगाल विधानसभा के सदस्य रहे, उन्होंने वो पद छोड़ा। वो भारत की प्रथम कैबिनेट के सदस्य थे, वह पद भी उन्होंने विचार के लिए छोड़ा और भारतीय जनसंघ की स्थापना की।

उन्होंने कहा कि देश के जितने भी राजनीतिक दल हैं वो राजनीति के अलावा कुछ नहीं करते। लेकिन भाजपा अकेली ऐसी पार्टी है, जो समाज के प्रति अपने दायित्व को भी निभाती रही है। समाज सेवा के कार्यों से हम अपनी सामाजिक जिम्मेदारी के लिए भी अपने कार्यकर्ता को तैयार करते हैं।

उन्होंने कहा कि टीकाकरण अभियान भी देश में पूरी ताकत के साथ चल रहा है। इस वर्ष के अंत तक 257 करोड़ वैक्सीन की डोज बन जाएगी और सभी को डबल डोज देने के लिए भारत तैयार हो जाएगा। नड्डा ने कहा कि भारत में पहले 600 मीट्रिक टन तक ऑक्सीजन का उत्पादन होता था, पिछले साल ये 3,000 मीट्रिक टन तक पहुंचा। लेकिन कोरोना की दूसरी लहर के बाद एक सप्ताह में ये 9,000 मीट्रिक टन से अधिक पहुंचा गया।

बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि कोरोना की लड़ाई में विपक्षी दल बाधक बने हैं। पहले लॉकडाउन को लेकर राजनीति की, फिर वैक्सीन को लेकर सवाल उठाए। कांग्रेस के नेताओं ने लोगों को भ्रमित करने वाले बयान दिए। कांग्रेस के नेता खुद चुपके-चुपके वैक्सीन लगा रहे हैं। राजस्थान में वैक्सीन की बर्बादी होती रही।