Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

कांग्रेस सांसद राजीव सातव का 17 मई को हिंगोली में होगा अंतिम संस्कार


  • औरंगाबाद,कांग्रेस सांसद राजीव सातव का अंतिम संस्कार 17 मई को महाराष्ट्र में हिंगोली जिले के उनके पैतृक नगर कलमनुरी में होगा।

सातव (46) का रविवार को पुणे में निधन हो गया। कुछ दिन पहले ही वह कोविड-19 से उबरे थे।

पिछले महीने कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद राज्यसभा सदस्य सातव का पुणे के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था और वह वेंटिलेटर पर थे।

कोविड-19 से उबरने के बाद वह साइटोमेगालो वायरस से संक्रमित पाए गए थे और उनकी हालत गंभीर हो गई थी।

हिंगोली के जिलाधिकारी रुचेश जयवंशी ने पीटीआई-भाषा को बताया कि सातव का अंतिम संस्कार सोमवार को सुबह साढ़े दस बजे कलमनुरी में होगा।

सातव का जन्म सितंबर 1974 में पुणे में हुआ था। उन्होंने फर्गुसन कॉलेज और आईएलएस लॉ कॉलेज से पढ़ाई की थी। वह 2002 से 2009 तक कलमनुरी ब्लॉक पंचायत के सदस्य रहे।

सातव 2009 से 2014 तक हिंगोली से लोकसभा सदस्य भी रहे। वह कलमनुरी से विधायक भी रहे। वह विभिन्न संसदीय समितियों के सदस्य भी रहे।