News TOP STORIES उत्तर प्रदेश उत्तराखण्ड कानपुर झारखंड नयी दिल्ली पंजाब पटना बंगाल बिहार मध्य प्रदेश मनोरंजन महाराष्ट्र राजस्थान राष्ट्रीय लखनऊ

काॅमेडियन राजू श्रीवास्तव के निधन पर नम हुईं आंखें, पीएम मोदी ने कहा- दिलों में जिंदा रहेंगे


नई दिल्ली, । भारतीय मनोरंजन इंडस्ट्री के जाने-माने कॉमेडियन और एक्टर राजू श्रीवास्तव का बुधवार सुबह निधन हो गया। 58 साल के राजू लगभग 40 दिनों से दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती थे और जिंदगी की जंग लड़ रहे थे। 10 अगस्त को दिल्ली के एक होटल में जिम में एक्सरसाइज करते हुए राजू गिर पड़े थे। उन्हें कार्डियक अरेस्ट हुआ था, जिसके बाद एम्स में भर्ती करवाया गया था। राजू डॉक्टरों की निगरानी में लगातार वेंटिलेटर पर थे। उनकी तबीयत में उतार-चढ़ाव होता रहा था, मगर होश नहीं आया। हालांकि, परिवार और डॉक्टरों ने उम्मीद नहीं छोड़ी थी। राजू के निधन से मनोरंजन जगत में शोक की लहर छा गयी है। चाहने वाले और दोस्त उन्हें याद करते भावुक हो रहे हैं और श्रद्धांजलि दे रहे हैं। राजू अपने पीछे एक बेटी और एक बेटा छोड़ गये हैं। राजू भारतीय मनोरंजन इंडस्ट्री में स्टैंडअप कॉमेडी के पुरोधा माने जाते थे। उन्होंने फिल्मों के साथ टीवी और कॉमेडी शोज में खूब काम किया था। 

    • 01:35 PM, 21 Sep 2022

      सुनील ग्रोवर ने जताया शोक, कहा- बहुत जल्दी चले गये

      कॉमेडियन और एक्टर राजू श्रीवास्तव के निधन पर पूरा देश दुखी है। उनके साथी कलाकारों के दुख का तो कहना ही क्या। सोशल मीडिया के जरिए उन्हें लगातार याद किया जा रहा है। कॉमेडियन सुनील ग्रोवर ने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए राजू को श्रद्धासुमन अर्पित किये। उन्होंने लिखा- उन्होंने पूरे देश को हंसाया। यह दुखद है कि वो इतनी जल्दी चले गये।

    •  
    • 01:25 PM, 21 Sep 2022

      अनुपम खेर ने लिखा – समूचे देश की हंसी थम सी गयी है

      एक्टर अनुपम खेर राजू श्रीवास्तव के निधन से गहरे सदमे में हैं। उन्होंने वीडियो पोस्ट कर लिखा, हमारे प्यारे राजू श्रीवास्तव! तुम्हारे जाने से समूचे देश की हंसी थम सी गयी है! खिलखिलाहट में वो गूंज नहीं रही! इतनी भी क्या जल्दी थी ऊपर वालों को हंसाने की! बहुत याद आओगे दोस्त! वो तुम्हारा ज़ोरदार ठहाका। वो तपाक से गले लगना। वो कंधे पर हाथ रखकर साइड पे ले जाकर अपना नया जोक सुनाना। हँसाते हुए रुला कार चले गये! ओम् शांति!

    • 01:21 PM, 21 Sep 2022

      यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने दी श्रद्धांजलि

      यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने राजू श्रीवास्तव को याद करते हुए लिखा, राजू श्रीवास्तव हमारे बीच नहीं रहे। मैं, यूपी के लोगों की ओर से, प्रार्थना करता हूं कि उनकी आत्मा को शांति मिले। मैं उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं, उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ।

    • 01:18 PM, 21 Sep 2022

      शेखर सुमन ने कई शो में किया राजू श्रीवास्तव को जज

      शेखर सुमन ने दूसरा ट्वीट कर लिखा, राजू एक जिंदादिल सबसे मजेदार आदमी थे। हम सब उन्हें हमेशा याद करेंगे। मुझे कई शो में उन्हें जज करने का सौभाग्य और सम्मान मिला था, जिसमें द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज” का नाम भी शामिल है, इस शो ने उन्हें अकल्पनीय ऊंचाइयों तक पहुंचाया। वह अद्वितीय थे।

    • 01:17 PM, 21 Sep 2022

      राज एंड डीके ने राजू श्रीवास्तव को श्रद्धांजलि

      जानी-मानी निर्देशक जोड़ी राज एंड डीके ने राजू श्रीवास्तव के निधन पर शोक व्यक्त करने के लिए उनकी ब्लैक एंड व्हाइट फोटो शेयर की, मगर कुछ लिखा नहीं।

    • 01:03 PM, 21 Sep 2022

      राजू के निधन से दुखी अक्षय कुमार ने कहा- जिंदगी भर खूब हंसाया

      राजू श्रीवास्तव को सोशल मीडिया में श्रद्धांजलि देने का सिलसिला जारी है। अक्षय कुमार ने लिखा कि जिंदगी भर बहुत हंसाया राजू भाई तुमने। भगवान से प्रार्थना है, सदगति मिले।

    • 12:59 PM, 21 Sep 2022

      विधानसभा में रखा गया 2 मिनट का मौन

      कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव के सम्मान में उत्तर प्रदेश विधान सभा में 2 मिनट का मौन रखा गया। कॉमेडियन का निधन बुधवार को 58 वर्ष की आयु में हो गया।

    • 12:55 PM, 21 Sep 2022

      रवि किशन ने राजू श्रीवास्तव को दी श्रद्धांजलि

      भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार रवि किशन ने भी राजू श्रीवास्तव के निधन पर दुःख जताया है। उन्होंने ट्वीट में लिखा, अब आप जैसा कोई दूसरा नहीं होगा एक बेहतरीन कॉमेडी कलाकार, नेता प्रिय राजू श्रीवास्तव जी हम सबको हमेशा के लिए छोड़ कर चले गए l आप बहुत याद आएंगे, विनम्र श्रद्धांजलि।

    •  
    • 12:43 PM, 21 Sep 2022

      फिल्म क्रिटिक केआरके ने राजू श्रीवास्तव को दी श्रद्धांजलि

      फिल्म क्रिटिक केआरके यानि कमल आर खान ने ट्वीट कर लिखा, भाई राजू श्रीवास्तव आपकी आत्मा को शांति मिले। मैं आपको हमेशा याद करूंगा भाई ! आप एक रियल हीरो, जेंटलमैन और यारों के यार हो। लव यू।

    • 12:34 PM, 21 Sep 2022

      प्रधानमंत्री मोदी ने राजू के निधन पर जताया शोक

      राजू श्रीवास्तव के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ट्वीट कर शोक जताया है। उन्होंने लिखा, राजू श्रीवास्तव ने हंसी, हास्य और सकारात्मकता के साथ हमारे जीवन को रोशन किया था। वो हमें एक गहरा सदमा देकर गए हैं, लेकिन सालों तक अपने काम की बदौलत लोगों के दिलों में जीवित रहेंगे। उनका निधन दुखद है। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना। शांति।

    • 12:29 PM, 21 Sep 2022

      दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने दी श्रद्धांजलि

      दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा, मशहूर हास्य कलाकार राजू श्रीवास्तव जी का निधन बेहद दुखद। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। इस दुख की घड़ी में उनके परिजनों एवं सभी प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएँ।

    • 12:22 PM, 21 Sep 2022

      ‘टीवी के राम’ अरुण गोविल ने दी राजू श्रीवास्तव को श्रद्धांजलि

      अरुण गोविल ने ट्वीट कर लिखा, एक महीने तक लगातार हॉस्पिटल में जीवन के लिए संघर्ष कर रहे हमारे मित्र और कॉमेडी किंग राजू श्रीवास्तव आखिरकार ज़िंदगी की जंग हार गए, ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें, और उनके परिजनों को ये दुःख सहन करने की क्षमता दें। ॐ शांति।

    • 12:14 PM, 21 Sep 2022

      राजू श्रीवास्तव के निधन पर विवेक अग्निहोत्री ने जताया शोक

      निर्देशक विवेक अग्निहोत्री ने एएनआई से बातचीत में कहा, मेरे भाई, मेरा दोस्त और देश की खुशी की लहर, राजू श्रीवास्तव नहीं रहे। उनके निधन से मुझे गहरा दुख हुआ। उनके जैसा कलाकार कम ही देखने को मिलता है, भारत ने उनके जैसा दूसरा कलाकार नहीं देखा। मैं उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं। मेरी प्रार्थना उनके परिवार, प्रशंसकों के साथ है।

    • 12:11 PM, 21 Sep 2022

      Raju Srivastava Death: दिलचस्प है राजू का कॉमेडी किंग बनने का सफर

      राजू श्रीवास्तव ने अपने करियर में लम्बा संघर्ष किया। उन्होंने करियर की शुरुआत फिल्मों में छोटे-छोटे रोल निभाकर की, मगर अपने टैलेंट के दम पर मनोरंजन इंडस्ट्री का मजबूत नाम बन गये। उनकी मिमिक्री शैली वाली कॉमेडी ने देश और दुनिया में खूब शोहरत बटोरी। यहां पढ़िए राजू का पूरा सफर- 

  • 12:09 PM, 21 Sep 2022

    अखिलेश यादव ने किया राजू श्रीवास्तव के चुनावी दिनों को याद

    अखिलेश यादव ने एएनआई से कहा, यह खेदजनक है कि राजू श्रीवास्तव हमारे बीच नहीं रहे। वो अपनी हुनर, प्रतिभा और कड़ी मेहनत के साथ एक गरीब परिवार से आया थे। उन्होंने दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई थी। उनके जैसे प्रतिभाशाली कॉमेडियन बहुत कम हैं। मुझे याद है कि सपा में शामिल होने पर वह कानपुर से कैसे चुनाव लड़ना चाहते थे।

  •  
  • 11:53 AM, 21 Sep 2022

    एमपी के मुख्यमंत्री ने राजू श्रीवास्तव के निधन पर किया ट्वीट

    अपनी कला से हास्य को नया रंग देने प्रसिद्ध कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव जी के निधन का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ।  हंसते-हंसाते आप ऐसे चले गये कि मनोरंजन जगत में कभी न भरने वाला एक बड़ा शून्य छोड़ गये। अपने विनोद, ऊर्जा और हास्य के लिए आप सदैव याद आते रहेंगे।
    ॐ शांति…।

  • 11:50 AM, 21 Sep 2022

    राजू श्रीवास्तव के निधन पर कुमार विश्वास ने जताया शोक

    राजू भाई ने आख़िर ईश्वर के लोक की उदासी से लड़ने के लिएए सांसारिक यात्रा से विराम ले ही लिया।उनके संघर्ष के दिनों से लेकर यश के शिखर तक की यात्रा के सैकड़ों संस्मरण आँखों के आगे तैर रहे हैं।उदास लोगों को मुस्कराहट की ईश्वरीय सौग़ात देने वाले सिकंदर को अंतिम प्रणाम भाई

  • 11:42 AM, 21 Sep 2022

    राजू ने अनिल कपूर की फिल्म तेजाब से किया था डेब्यू

    राजू श्रीवास्तव ने एन चंद्रा की अनिल कपूर स्टारर फिल्म तेजाब से बॉलीवुड डेब्यू किया था। आखिरी बार वो कपिल शर्मा की फिल्म फिरंगी में स्पेशल एपीयरेंस में नजर आये थे। यह फिल्म 2017 में रिलीज हुई थी।

  • 11:42 AM, 21 Sep 2022

    अमित शाह ने दी राजू श्रीवास्तव को श्रद्धांजलि

    राजू श्रीवास्त के निधन पर अमित शाह ने दुख जाहिर करते हुए ट्वीट किया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, ‘सुप्रसिद्ध हास्य कलाकार राजू श्रीवास्तव जी का एक विशिष्ट अंदाज था, उन्होंने अपनी अद्भुत प्रतिभा से सभी को प्रभावित किया। उनका निधन कला जगत के लिए एक बड़ी क्षति है। मैं उनके परिजनों व प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूँ। ईश्वर उन्हें यह दुःख सहने की शक्ति दें। ॐ शांति शांति…।

  • 11:36 AM, 21 Sep 2022

    राजनाथ सिंह ने राजू को दी श्रद्धांजलि

    केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राजू श्रीवास्तव के निधन पर शोक जताए हुए श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा कि राजू मंझे हुए कलाकार होने के साथ जिंदादिल इंसान भी थे।

  • 11:25 AM, 21 Sep 2022

    अशोक पंडित ने दी श्रद्धांजलि

    फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने ट्वीट करके राजू को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा कि राजू श्रीवास्तव के परिवार से बात हुई है। वो नहीं रहे। लगभग आधा घंटा पहले गुजर गये। इंडस्ट्री के लिए यह बहुत बड़ा नुकसान है। परिवार और चाहने वालों के लिए संवेदनाएं। आपको कभी नहीं भूल सकेंगे।

  • 11:19 AM, 21 Sep 2022

    सोशल मीडिया में दी जा रही श्रद्धांजलि

     राजू को सोशल मीडिया में श्रद्धांजलि देने का सिलसिला शुरू हो गया है। फैंस उनके फोटो और वीडियो शेयर करके याद कर रहे हैं, जिसके चलते RIP Legend ट्रेंड होने लगा है।

     
  • 11:04 AM, 21 Sep 2022

    पिछले करीब डेढ़ महीने से अस्पताल में थे भर्ती

    कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव यानी सत्यप्रकाश श्रीवास्तव को पिछले करीब डेढ़ महीने से अस्पताल में भर्ती थे। उन्हें 41 दिन से होश नहीं आया था। उनकी हालत देख जहां फैंस और परिवार ने चिंता में थे।

     

  • 10:58 AM, 21 Sep 2022

    परिवार ने की फेक खबरें न फैलाने की कही थी बात

    राजू श्रीवास्तव के भर्ती होने के बाद से ही सोशल मीडिया पर कई तरह की फेक खबरें सामने आ रहीं थीं। वहीं परिवार लगातार लोगों से जूठी खबरें फैलाने और उनपर यकीन न करने की बात कह रहा था।