News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

किसान आंदोलन: राकेश टिकैत का एलान, 15 अगस्त को दिल्ली से दूर फहराएंगे तिरंगा


  • तीन कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे आंदोलन को भारतीय किसान यूनिय के नेता राकेश टिकैत ने जन-जन का आंदोलन बताया। उन्होंने कहा कि किसानों के साथ हर वर्ग जुड़ गया है। उन्होंने कहा कि यह अंदर की बात है। अब फोर्स भी हमारे साथ है। शुक्रवार को राजस्थान से आए प्रतिनिधिमंडल ने भाकियू नेता से मुलाकात की।

यूपी गेट पर चौधरी राकेश टिकैत ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा है कि इस बार 15 अगस्त का झंडा दिल्ली से दूर हिमालय की गोद में फहराया जाएगा। उन्होंने कहा मैं दिल्ली से दूर किसी गांव में जाकर झंडा फहराने वाले कार्यक्रम का हिस्सा बनूंगा। जहां आज तक शायद ही कोई सरकार का प्रतिनिधि पहुंचा होगा। टिकैत ने देशभर के किसानों से अपील है कि इस स्वतंत्रता दिवस पर किसान अपने घरों की छतों पर, गाड़ियों पर और यूपी गेट के किसान यहां अपने-अपने अस्थाई झोपड़ियों पर झंडा फहराएंगे। आपको बता दें कि कई दिन पहले तक कुछ किसान संगठन दिल्ली के अंदर तिरंगा फहराने पर अड़े हुए थे, लेकिन राकेश टिकैत के इस एलान के बाद दिल्ली में तिरंगा फहराने के कयास खत्म हो गए हैं।

शुक्रवार को टिकैत ने राजस्थान से आए किसानों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। इनमें महिलाएं और पुरुष शामिल रहे। सभी ने राकेश टिकैत को अपनी समस्याएं बताकर समाधान की मांग की। उन्होंने आश्वासन दिया कि खाप पंचायत के बीच में सभी का न्याय होगा। सरकार पर निशाना साधकर कहा कि यह सरकार चुप बैठी है, मगर इसकी चुप्पी को समझना होगा। मंच पर संबोधन के बाद राकेश टिकैत ने किसानों के साथ बैठक की।

राकेश टिकैत और प्रधान के पति के फोटो पर पोती कालिख मुजफ्फरनगर के तितावी के अमीरनगर गांव में लगे स्वागत बोर्ड पर लगाए गए भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत और ग्राम प्रधान के पति रिहान खान के फोटो पर असामाजिक तत्वों ने कालिख पोत दी। बोर्ड पर आपत्तिजनक शब्द भी लिख दिया गया। शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। महिला ग्राम प्रधान ने अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है।