News TOP STORIES नयी दिल्ली पंजाब राष्ट्रीय

किसान नेता चढ़ूनी ने किया सियासत में कूदने का एलान, संयुक्त संघर्ष पार्टी बनाई


चंडीगढ़/पानीपत, । किसान आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने वाले गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने राजनीतिक पार्टी के गठन का एलान कर दिया है। उनकी पार्टी का नाम संयुक्त संघर्ष पार्टी होगा। चंडीगढ़ में पार्टी की घोषणा करते हुए चढूनी ने कहा कि राजनीति प्रदूषित हो गई है। इसे बदलने की जरूरत है। पूंजीवाद को बढ़ावा देने वाले नीति निर्माताओं, पूंजीपतियों के पक्ष में नीतियां बनाई जा रही हैं। आम आदमी, गरीबों के लिए कुछ नहीं किया, इसलिए हम अपनी नई पार्टी लांच कर रहे हैं।

गुरनाम चढ़ूनी किसान आंदोलन में खासे सक्रिय रहे हैं। गुरनाम सिंह चढ़ूनी किसान आंदोलन खत्‍म होने के बाद सियासी जमींं पर हाथ आजमाएंगे। चढ़ूनी ने कुछ दिन पहले ही राजनीति में आने की घोषणा कर दी थी। हालांकि इस बात का खंडन भी करते रहे। अब आज उन्होंने चंडीगढ़ से अधिकारिक रूप से पार्टी का ऐलान कर दिया है।

पंजाब से चुनाव लड़ने के कयास

तीन कृषि कानूनों को रद करने के बाद भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी ने चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है। चढूनी ने कहा कि तानाशाही को खत्म करने के लिए राज बदलना होगा। ऐसे लोगों को राजनीति में आगे लाना होगा जो सही मायने में देश व जनता का भला कर सकें। उन्होंने कहा कि अगले दो चार दिनों में ही पंजाब में अपनी पार्टी की घोषणा कर देंगे। उन्होंने कहा कि अगर प्रदेश में टोल टेक्स में बढ़ोतरी की गई तो भारतीय किसान यूनियन इसका डटकर विरोध करेगी। एकजुटता के साथ ही इतनी बड़ी लड़ाई को बिना हथियार के फतह किया गया है।