News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय स्वास्थ्य

केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव कल सभी राज्यों के साथ करेंगे समीक्षा बैठक, वैक्सीनेशन की स्थिति का लेंगे जायजा


नई दिल्ली, । देश में कोविड रोधी टीकाकरण का काम तेजी से किया जा रहा है। देश में वैक्सीन की अब तक 190 करोड़ से ज्यादा खुराक दी जा चुकी है। टीकाकरण को लेकर केंद्र सरकार लगातार नजर बनाए हुए हैं। इसी बीच, केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ शुक्रवार को कोविड 19 टीकाकरण कार्यक्रम को लेकर समीक्षा बैठक करेंगे। सूत्रों के हवाले से यह जानकारी सामने आयी है।

देश में क्या है वैक्सीनेशन की स्थिति?

कोविन वेबसाइट के मुताबिक देश में अब तक 191 करोड़ से ज्यादा वैक्सीन की डोज लग चुकी हैं। इनमें से 100 करोड़ से ज्यादा लोगों को पहली डोज जबकि करीब 88 करोड़ दूसरी खुराक दी जा चुकी है। वहीं, तीन करोड़ से ज्यादा लोगों को प्रीकाशन डोज दी जा चुकी है।

उत्तर प्रदेश मे सबसे ज्यादा वैक्सीनेशन

उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा वैक्सीनेशन हुआ है। यहां अब तक 32 करोड़ 23 लाख से अधिक लोगों को वैक्सीन की डोज लग चुकी है। इसमें पहली डोज लेने वालों की संख्या 17 करोड़ से अधिक, दूसरी डोज लेने वालों की संख्या 14 करोड़ 59 लाख से अधिक और प्रीकॉशन डोज लेने वालों की संख्या 29 लाख से अधिक है। दूसरे नंबर पर महाराष्ट्र है, जहां अब तक 16 करोड़ 62 लाख से अधिक लोगों का वैक्सीनेशन हुआ है। इसमें पहली डोज लेने वाले 9 करोड़ चार लाख से अधिक, दूसरी डोज लेने वाले सात करोड़ 31 लाख से अधिक और प्रीकॉशन डोज लेने वालों की संख्या 25 लाख 75 हजार से अधिक है।