Latest News उत्तराखण्ड राष्ट्रीय लखनऊ

केदारनाथ यात्रा फिर शुरू, 10 हजार से अधिक तीर्थ यात्री सोनप्रयाग से हुए रवाना


रुद्रप्रयाग: : मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए शुक्रवार को छह हजार से अधिक यात्री सोनप्रयाग में रोके गए थे, लेकिन शनिवार को मौसम ठीक होने पर सोनप्रयाग से सुबह से ही यात्रियों को जाने की अनुमति दी गई। दस हजार से अधिक यात्री केदारनाथ धाम के लिए रवाना हुए।

शुक्रवार को रोकी गई थी केदारनाथ यात्रा

मौसम के अलर्ट को देखते हुए शुक्रवार को केदारनाथ यात्रा सुबह 11 बजे बाद रोक दी गई थी। सोनप्रयाग से आगे केदारनाथ जाने के लिए यात्रियों को अनुमति नहीं दी गई।

मौसम साफ होने पर प्रशासन ने दी अनुमति

शनिवार को भी आशंका जताई जा रही थी कि मौसम अलर्ट को देखते हुए यात्रियों को जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी, लेकिन सुबह केदारघाटी में मौसम में थोड़ा सुधार को देखते हुए प्रशासन ने यात्रा को सुचारू रखा। हेलीकाप्टर से यात्री आवाजाही जारी रही।

दस हजार से अधिक तीर्थ यात्री केदारनाथ हुए रवाना

शनिवार को सोनप्रयाग, गौरीकुंड में सुबह से ही बड़ी संख्या में यात्री केदारनाथ जाने के लिए एकत्रित हो गए थे। सुबह 10 बजे तक 8280 तीर्थयात्री व 12 बजे तक दस हजार से अधिक यात्री सोनप्रयाग से केदारनाथ धाम को रवाना हुए।

पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीम हैं तैनात

इसके बाद भी यात्री केदारनाथ धाम के लिए रवाना होते रहे। इस दौरान पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और डीडीआरएफ निरंतर यात्रा मार्ग में मुस्तैद रही। जहां भी यात्रियों को दिक्कतें महसूस हो रही थी, सभी टीमें मदद में जुटी रही।

यात्रा सुचारू रूप से हो रही संचालित : पुलिस अधीक्षक

पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल ने बताया कि यात्रा सुचारू रूप से संचालित हो रही है। पैदल मार्ग पर यात्रियों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।