Latest News नयी दिल्ली

केरल के CM ने राहुल गांधी पर साधा निशाना- कई राज्यों में सत्ता चले जाने पर उठाया सवाल


नई दिल्ली। केरल (Kerala) के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन (Pinarayi Vijayan) ने राहुल गांधी पर हमला जारी रखते हुए कर्नाटक, मध्य प्रदेश और पुडुचेरी जैसे राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेश में कांग्रेस (Congress) से सत्ता चले जाने पर उनकी चुप्पी पर सवाल उठाया। विजयन ने यह भी जानना चाहा कि राहुल उन राज्यों में क्यों नहीं जा रहे हैं जहां कांग्रेस का सीधा भाजपा से मुकाबला है।

कांग्रेस की चुप्पी पर उठाए सवाल
सीएम विजयन ने सवाल किया, ‘राहुल गांधी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख नेता हैं। क्या वह उस राज्य में जा रहे हैं जहां कांग्रेस का भाजपा से सीधा मुकाबला है? उन्होंने गोवा, मणिपुर, बिहार, कर्नाटक, मध्य प्रदेश और हाल ही में पुडुचेरी में क्या भूमिका निभायी?’ उन्होंने प्रश्न किया, ‘वह इन राज्यों को लेकर चुप्प क्यो हैं? कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) उन स्थानों पर जाने से क्यों बच रहे हैं जहां उनकी पार्टी का भाजपा से सीधा मुकाबला है?’ विजयन ने गांधी को अच्छा ‘अच्छा पर्यटक’ बताया और कटाक्ष किया कि उनकी केरल यात्रा से राज्य के पर्यटन उद्योग को बढ़ावा मिलेगा।

उत्तर-दक्षिण के अपने बयान को लेकर घिरे राहुल गांधी
इससे पहले कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी उत्तर-दक्षिण के अपने बयान को लेकर पार्टी के भीतर ही बुरी तरह घिरते दिख रहे हैं। भाजपा के हमलों से उन्हें बचाने की बजाए वरिष्ठ कांग्रेस नेता कह रहे हैं कि अपने बयान को खुद राहुल गांधी ही स्पष्ट कर सकते हैं। भाजपा ने राहुल पर बांटो और राज करो की सियासत करने का आरोप लगाते हुए उत्तर भारतीयों के प्रति एहसान फरामोस और बाजे चना, थोथा घना बताया।

राहुल ने कहा था ये
राहुल गांधी ने केरल यात्रा के दौरान अपने संसदीय क्षेत्र वायनाड में कहा कि पहले 15 साल मैं उत्तर भारत से सांसद रहा। इसलिए मुझे अलग तरह की राजनीति की आदत हो गई थी। केरल आना मेरे लिए नए तरह का अनुभव है। यहां लोग मुद्दों में ज्यादा दिलचस्पी रखते हैं। सिर्फ दिखावे के लिए नहीं, बल्कि गहनता से उस पर विचार करते हैं। राहुल के इस बयान पर भाजपा उत्तर बनाम दक्षिण बनाते हुए हमलावर है।

भारतीयों का अपमान करने का लगा आरोप
राहुल पर क्षेत्रीयता को बढ़ावा देने और उत्तर भारतीयों का अपमान करने का आरोप लगा रही है। इस पर प्रतिक्रिया में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा में उपनेता आनंद शर्मा ने कहा कि राहुल ने अपने किसी अनुभव के आधार पर टिप्पणी की है, मुझे किसी क्षेत्र के अपमान की बात नहीं दिखती। राहुल गांधी ही स्पष्टीकरण दे सकते हैं। शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने कभी भी क्षेत्र, भाषा और धर्म के आधार पर लकीर नहीं खींची। आनंद शर्मा के बयान को राहुल के लिए सलाह के तौर पर देखा जा रहा है।