Latest News खेल

कोरोना: श्रीलंका से भारत लौटे युजवेंद्रा चहल और कृष्णप्पा गौतम


  • ऩई दिल्ली। भारतीय टीम के लेग स्पिनर युजवेंद्रा चहल और ऑलराउंडर कृष्णप्पा गौतम, श्रीलंका से स्वदेश लौट गए हैं। हाल ही में श्रीलंका के वनडे और टी-20 सीरीज के दौरे के दौरान कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद दोनों खिलाड़ी वहां से टीम के साथ लौट नहीं सके थे। अब दोनों कोरोना से रिकवर होने के बाद भारत लौट आए हैं। भारत आने पर, चहल ने अपने ट्विटर अकाउंट पर एक तस्वीर पोस्ट की जहां उन्होंने अपने प्रशंसकों को उनके ठीक होने के बारे में एक अपडेट दिया।

बता दें कि दौरे पर चहल ने दो वनडे और एक टी-20 मैच खेले और शानदार प्रदर्शन किया। गौरतलब है कि दूसरे टी-20 से पहले ऑलराउंडर क्रुणाल पांड्या कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। इसके बाद उनके संपर्क में आए क्रिकेटरों को आइसोलेट कर दिया गया था। इसके बाद जब टीम वापस स्वदेश लौटने वाली थी उससे ठीक पहले चहल और गौतम पॉजिटिव पाए गए थे। इसके बाद इन्हें श्रीलंका में ही रहना पड़ा था।

क्रुणाल पांड्या पहले से श्रीलंका से वापस आ चुके हैं। चहल की तरह, उन्होंने भी अपने प्रशंसकों को उनके ठीक होने के बारे में बताने के लिए ट्विटर पर एक तस्वीर पोस्ट की थी। उन्होंने बीसीसीआइ और श्रीलंकाई क्रिकेट (एसएलसी) को धन्यवाद दिया। इसके अलावा मदद के लिए डॉक्टरों और अन्य चिकित्सा पेशेवरों को धन्यवाद दिया।