Latest News बंगाल

‘कौन है असली कांग्रेस’ ममता का नया खेला, भाजपा से ज्यादा कांग्रेस को नुकसान


  • नई दिल्ली: वैसे तो भवानीपुर में आज हो रहा मतदान, महज एक उप चुनाव है। जहां से पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी विधान सभा की सदस्यता के लिए चुनाव लड़ रही है। लेकिन इस उप चुनाव के बड़े राजनीतिक मायने हैं। क्योंकि अगर ममता बनर्जी,चुनाव जीतती हैं, तो वह सीधे तौर पर दिल्ली की कुर्सी का दावा ठोकेंगी। लेकिन इसके लिए लगता है कि ममता, राहुल गांधी को साइडलाइन करना चाहती है। क्योंकि मई में जीत के बाद से उनके निशाने पर भाजपा से ज्यादा कांग्रेस आ गई है। वह लगातार कांग्रेस के नेताओं को अपनी पार्टी में शामिल कर रही हैं। और पार्टी के मुख पत्र जागो बंग्ला ने तो यहां तक लिख दिया है ” तृणमूल कांग्रेस ही असली कांग्रेस है। और बंगाल में अधिकांश लोगों का मानना है कि राष्ट्रीय स्तर पर तृणमूल कांग्रेस ही कांग्रेस का विकल्प बनेगी।”

तृणमूल कांग्रेस का क्या इरादा है इसका संकेत बुधवार को गोवा के कांग्रेस नेताओं को तृणमूल कांग्रेस में शामिल करते हुए भी मिल गया है।पार्टी के नेता और ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी ने कहा “अगर कांग्रेस भाजपा के खिलाफ चुप रहना चुनती है, तो हमसे चुप बैठने की उम्मीद नहीं की जा सकती है। हम बीजेपी को हराना चाहते हैं। पिछले सात सालों में भाजपा को तृणमूल कांग्रेस हरा रही है। इसस दौरान कांग्रेस को भाजपा ने हराया है।” साफ है कि ममता बनर्जी अब राष्ट्रीय स्तर पर अपना विस्तार करना चाहती है। और इसके लिए वह सबसे पहले कांग्रेस के असंतुष्ट लोगों को अपने पाले में ले रही है।