News TOP STORIES उत्तर प्रदेश नयी दिल्ली महाराष्ट्र राजस्थान राष्ट्रीय लखनऊ

क्या शशि थरूर लड़ेंगे कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष पद का चुनाव? आर्टिकल पर दी सांसद ने सफाई


नई दिल्ली, कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव 17 अक्टूबर को होगा। ऐसे में पार्टी के अध्यक्ष पद के चुनाव लड़ने पर कई नामों को लेकर चर्चा हो रही है। इस बीच कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने पर के सवाल पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने प्रतिक्रिया दी है। शशि थरूर ने कहा है कि मुझे इस बारे में कुछ नहीं कहना। मैं बस वही कहूंगा जो मैंने अपने आर्टिकल में लिखा है। कांग्रेस पार्टी में चुनाव होते हैं तो वह पार्टी के लिए ही अच्छा होगा।

शशि थरूर ने अपने आर्टिकल पर दी सफाई

दरअसल, शशि थरूर का ये बयान उनके एक आर्टिकल के बाद आया है। अपने लेख में शशि थरूर ने कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव का आह्वान किया। सूत्रों के अनुसार, उन्होंने अपने लेख में लिखा है कि AICC और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधियों को तय करने दिया जाना चाहिए कि पार्टी का नेतृत्व कौन करेगा। इस पर जब उनसे समाचार एजेंसी एएनआइ ने सवाल किया कि क्या वह पार्टी के अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ेंगे। तो उन्होंने साफ कहा कि मैं बस वही कहूंगा जो मैंने अपने आर्टिकल में लिखा है।

शशि थरूर और पृथ्वीराज चव्हाण लड़ सकते हैं चुनाव!

जानकारी के अनुसार, कांग्रेस के जी-23 के नेता 17 अक्टूबर को होने वाले कांग्रेस के अध्यक्ष पद के चुनाव लड़ने की योजना बना रहे हैं, जिसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री शशि थरूर और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण के नामों की चर्चा की जा रही है। हालांकि, अभी तक इन नामों की पुष्टि नहीं की गई है। वहीं, गुलाम नबी आजाद जैसे वरिष्ठ नेता के जाने से कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है।

2000 में हुआ अध्यक्ष पद के लिए चुनाव

बता दें कि पिछली बार कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए चुनाव 2000 में हुआ था, जब जितेंद्र प्रसाद ने सोनिया गांधी को चुनौती दी थी। लेकिन वह अध्यक्ष पद का चुनाव हार गए थे। इस बीच, कांग्रेस महासचिव, संगठन, केसी वेणुगोपाल ने कहा कि पार्टी प्रमुख के चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा पहले ही की जा चुकी है और जो लोग इस पद के लिए चुनाव लड़ना चाहते हैं वे 30 सितंबर से पहले नामांकन दाखिल कर सकते हैं।