पटना

खगड़िया में NH 31 पर ट्रक ने ऑटो सवार 10 लोगों को रौंदा, 3 की दर्दनाक मौत; आधा दर्जन लोग जख्मी


खगड़िया (आससे)। खगड़िया जिला के महेशखूंट थाना क्षेत्र के हरंगी टोल के समीप राष्ट्रीय उच्च पथ 31 पर शुक्रवार को हुए सड़क हादसे में एक महिला समेत तीन  की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बताया जाता है कि महेशखूंट से दशहारा  का मेला देखकर एक ही परिवार के लोग ऑटो से अपने गांव गौछारी जा रहे थे कि तेज गति से पश्चिम दिशा की ओर से आ रहे एक ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। घटना के बाद  चालक ट्रक सहित निकल भागने में सफल रहा।

घटना शुक्रवार की  रात करीब 12 बजे की है। इस घटना में गौछारी गांव के मुकेश कुमार की  42 बर्षीया पत्नी, पंकज कुमार का 17 बर्षीय पुत्र अनिकेत कुमार और गौतम कुमार का 2 बर्षीय पुत्र दर्शित कुमार की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। घटना में आधा दर्जन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से सदर अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद मृतक के परिजनों में जहां कोहराम मचा है वहीं गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है। विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की मांग जिला प्रशासन से की है।