पटना

सीतामढ़ी में मूर्ति विसर्जन के दौरान पुलिस फायरिंग, एक दरोगा समेत आधा दर्जन महिला पुलिसकर्मी घायल


रायपुर बाजार पुलिस छावनी में तब्दील,  11 लोग गिरफ्तार

सीतामढ़ी/नानपुर (आससे)। मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन के दौरान नानपुर थाना क्षेत्र के रायपुर गांव में शुक्रवार को पब्लिक और पुलिस के बीच जबरदस्त भिड़ंत हुई। जिसमें एक दरोगा सहित आधा दर्जन महिला पुलिस कर्मी बुरी तरह  घायल हो गए। ग्रामीणों ने पुलिस के ऊपर जमकर रोड़े एवं ईंट बरसाए। पुलिस ने जमकर लाठियां भांजी।  हालात को काबू करने और अपने बचाव में पुलिस ने दो राउंड हवाई फायरिंग की। तब जाकर भीड़ तीतड़ बितर हुआ।

जख्मी पुलिस कर्मी को इलाज के लिए नानपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां कई पुलिसकर्मी की हालत गंभीर बताई जा रही है।  घायलों में दरोगा विजय कुमार राम, संतोष सिंह, महिला कांस्टेबल रेणु कुमारी, विरेन्द्र कुमार राम, कमलेश सिंह,चंद्रधन यादव, चौकीदार राजेश कुमार यादव शामिल हैं। घटना के बाद इलाके में काफी तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। इसकी सूचना वरीय पदाधिकारी को दी गई।  घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे एएसपी सह एसडी पीओ प्रमोद कुमार, एसडीएम नवीन कुमार, थानाध्यक्ष राम विनय पासवान, बीडीओ चंद्र मोहन पासवान और सीओ आलोक कुमार समेत कई दर्जन पुलिसकर्मियों ने पहुंच कर  मोर्चा संभाला तब जाकर मामले पर काबू पाया गया।

बताया जाता है कि रायपुर गांव स्थित गंगा सागर पोखर पर पूजा पंडाल स्थित प्रतिमा का विसर्जन किया जा रहा था। रूट बदलने को लेकर पुलिस से लोगों की बकझक हो गई। जिसमें उग्र लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। वहीं पुलिस ने भीड़ को तीतर-बीतर करने के लिए दो राउंड हवाई फायरिंग की। गोली चलने की आवाज सुन लोग भाग निकला। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रतिमा को अपने कब्जे में लेकर विसर्जन किया। इस मामले में कुल 27 लोगों को नामजद किया गया है तथा 150 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई हैं।

पुलिस ने छापेमारी कर घटना में शामिल पप्पू कुमार पिता सिंघासन राउत, राजा कुमार पिता सहदेव साह, बुधन सहनी पिता योगी साहनी, बिनोद कुमार पिता योगेंद्र साह, अनिता सहनी पति  बुधन सहनी, जगरनाथ राउत पिता स्व रितलाल राउत, सुरेंद्र कुमार पिता स्व जीवछ दास, चंदन कुमार पिता नरेश मंडल, रागनी देवी पति वीरन सहनी, मधु देवी पति राजगीर सहनी, गौरी देवी पति संजय सहनी सहित चार महिला व सात पुरूष सहित कुल 11 लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया हैं।

इस दौरान विभिन्न देवी-देवताओं की दो प्रतिमाओं का विसर्जन कर दिया गया था। तभी कुछ शरारती तत्व के लोगों ने आकर पुलिस कर्मी के साथ बकझक करने लगा।  डीजे मंगवा कर कहने लगा कि हमलोग मूर्ति को पूरे गांव में घुमाएंगे तब मूर्ति का विसर्जन होगा। पुलिस के द्वारा समझाने पर लोग उग्र होकर पुलिस पर हमला कर दिया तथा लोग ईंट पत्थर से पुलिस पर हमला कर दिया। वहीं पुलिस ने डीजे को जब्त कर लिया।

घटना के बाद रायपुर गांव पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है। डीएसपी प्रमोद कुमार यादव व एसडीओ नवीन कुमार के नेतृत्व में पुलिस लगातार फ्लैग मार्च कर रहीं है।  घटना के बाद रायपुर गांव के लोग अपने अपने घर को छोड़ भाग निकले हैं। गांव सूना पड़ गया है।  डीएसपी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि कुछ शरारती तत्व के लोगों ने रूट बदलना चाह रहे थे।  जिसको लेकर ईंट पत्थर बरसाने लगे।  एएसपी सह एसडीपीओ  प्रमोद कुमार ने बताया की मूर्ति विसर्जन के दौरान यह घटना घटी है लेकिन पुलिस ने फायरिंग नहीं की है।