पटना

खगड़िया: टीकाकरण के महा अभियान में लोगों में दिखा उत्साह


      • बुधवार को रिकॉर्ड 13222 व्यक्तियों ने लिया टीका
      • जिले में वेक्सिनेशन का आंकड़ा 1 लाख 77 हजार के पार

खगड़िया (आससे)। कोविड-19 टीकाकरण हेतु  बुधवार को खगड़िया जिले में चलाये गए महा टीकाकरण अभियान में  उत्साहवर्धक परिणाम प्राप्त हुए। पूरे जिले में 140 टीकाकरण सत्र स्थलों पर 18 से 44 वर्ष  आयु वर्ग के लोगों तथा 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों को टीका लगाया गया है, जिसमें कुल 13222 लोगों ने टीका लिया, जो लक्ष्य का 78.5% है।

सभी प्रखंडों के प्रत्येक पंचायत में टीकाकरण सत्र स्थल रखा गया था। अलौली प्रखंड में 22, बेलदौर में 17, चौथम में 14, गोगरी में 29, खगड़िया में 29, परबत्ता में 22 और मानसी में 7 सत्र स्थलों पर टीकाकरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। प्रत्येक सत्र स्थल पर न्यूनतम 100 व्यक्तियों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। कोई भी पंचायत ऐसा नहीं था जहां टीकाकरण सत्र स्थल आयोजित नहीं था। यहां तक की सभी बाढ़ प्रभावित पंचायतों में भी टीकाकरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम की सफलता के लिए स्वास्थ्य विभाग, जीविका एवं समन्वित बाल विकास परियोजना की प्रखंड स्तर की टीमें युद्ध स्तर पर सक्रिय थे। खगड़िया नगर परिषद क्षेत्र में भी 2 टीका एक्सप्रेस के माध्यम से सत्र स्थल खोले गए थे।

इस महा अभियान को सफल बनाने के लिए जिलाधिकारी द्वारा नियमित तौर पर टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा की जा रही थी प्रखंडों में प्रखंड स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक कर टीकाकरण के मार्ग में आने वाली कठिनाइयों का निराकरण किया जा रहा था। धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों का भी सहयोग टीकाकरण कार्य में लिया जा रहा था और उन्होंने भी जनता से टीका लेने की अपील की थी। आंगनवाड़ी सेविकाएं, सहायिकाएं, जीविका दीदियां, आशा और एएनएम कार्यकर्ता गांव में हर घर का सर्वेक्षण कर लोगों को टीकाकरण हेतु प्रेरित एवं चिन्हित कर रही थीं।

जिला प्रशासन के अलावे सिविल सर्जन के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम भी महाटीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए कठोर परिश्रम कर रही थी। सभी टीकाकरण सत्र स्थानों पर लोगों की भारी भीड़ देखी गई। युवाओं, वृद्धों और महिलाओं में टीकाकरण को लेकर उत्साह की स्थिति देखी गई।  जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी  देवनंदन पासवान ने बताया कि

कुल मिलाकर खगड़िया जिले में 16840 लक्ष्य के विरुद्ध 13222 टीके का डोज दिया गया जो 75.51% उपलब्धि है। महा टीकाकरण अभियान को खगड़िया जिला वासियों का व्यापक समर्थन मिला और लोग टीके को लेकर फैले अफवाहों, भ्रांतियों और दुष्प्रचार से अलग हटकर  उत्साहपूर्वक आगे आकर टीका लिया और  दूसरों को भी प्रेरित किया।

टीकाकरण अभियान को सफल बनाने में जिलाधिकारी आलोक रंजन घोष के नेतृत्व में जिला प्रशासन, सिविल सर्जन डॉ अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग के अलावे समन्वित बाल विकास परियोजना केंद्रों की आंगनवाड़ी सेविकाओं, सहायिकाओं, जीविका की दीदियों, आशा एवं एएनएम कार्यकर्ताओं का भी  सक्रिय सहयोग रहा। अभियान को सफल बनाने के लिए माइक्रो प्लान के हिसाब से पंचायतों के एक-एक वार्डों का भ्रमण किया और लोगों को टीका लेने के लिए उत्साहित और प्रेरित किया।

महा टीकाकरण अभियान की मॉनिटरिंग कर रहे जिलाधिकारी स्वयं संसारपुर मध्य विद्यालय में चल रहे टीकाकरण कार्यों का निरीक्षण किया और टीका कर्मियों का उत्साहवर्धन करने के साथ उपस्थित लोगों से फीडबैक भी लिया। उनके अलावा सिविल सर्जन भी इसकी मॉनिटरिंग अपने स्तर से कर रहे थे। जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ पासवान, एसीएमओ डॉ आर एन चौधरी, डीपीएम हेल्थ पवन कुमार, केयर इंडिया के प्रतिनिधि अभिनंदन आनंद, यूनिसेफ के प्रतिनिधि  ऐजाज अहमद, डॉ रविंद्र आदि ने भी महा टीकाकरण अभियान की   सफलता में अपना योगदान दिया। जिले में अब तक 177006 व्यक्तियों को  कोविड का  प्रथम या  द्वितीय डोज  दिया जा चुका है।

जिलाधिकारी ने इस महाअभियान को अपना सहयोग और समर्थन और उत्साह के साथ अपनी भागीदारी निभाने के लिए जिलावासियों को धन्यवाद दिया और अपील किया है कि कोविड-19 टीका लेने हेतु इसी प्रकार उत्साह दिखाएं, ताकि जिले को कोरोना संक्रमण से मुक्त कराया जा सके।