पटना

खगड़िया: अनलॉक-2 के पहले दिन सरकार द्वारा जारी सीमित प्रतिबंधों के अनुपालन को लेकर सड़कों पर उतर जिला प्रशासन


खगड़िया (आससे)। राज्य सरकार द्वारा लॉकडाउन समाप्त का अनलॉक 2 के दौरान कोविड संबंधी जारी आंशिक प्रतिबंधों का सख्ती से अनुपालन कराया जा रहा है, ताकि पुनः संक्रमण के मामलों में वृद्धि न हो।  वर्तमान में दुकानों को तीन श्रेणियों में विभाजित कर उन्हें अलग-अलग दिन खोलने की अनुमति 22 जून तक दी गई है है। इसके प्रभावी कार्यान्वयन हेतु खगड़िया ज़िले के विभिन्न क्षेत्रों में बुधवार को बाजारों  में औचक जांच के साथ साथ मास्क चेकिंग एवं वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया, प्रतिबंधों का उल्लंघन करने वाले दुकानों को सील भी  किया गया।

भूमि सुधार उप समाहर्ता खगड़िया जनक कुमार द्वारा खगड़िया बाजार में प्रतिबंधों का उल्लंघन करने वाले 5 दुकानों को सील किया गया, जिनमें 3 रेडीमेड वस्त्र के दुकान, 1 ज्वेलर की दुकान और 1 जूता-चप्पल की दुकान है। इन दुकानों को बुधवार के बजाए मंगलवार, बृहस्पतिवार एवं शनिवार को खोलने की अनुमति है। उधर गोगरी जमालपुर बाजार में अनुमंडल पदाधिकारी, सुभाष चंद्र मंडल द्वारा 8 दुकानों को सील किया गया। इनमें रेडीमेड एवं ज्वेलरी की दुकानें शामिल हैं।

एसडीएम, गोगरी चंद्र किशोर सिंह कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद गोगरी आदित्य कुमार ने भी इस दौरान बाजार का निरीक्षण किया और प्रतिबंधों का उल्लंघन करने वाले दुकानों को सील किया। प्रखंड विकास पदाधिकारी गोगरी अजय कुमार द्वारा महेशखूंट बाजार का निरीक्षण किया गया और प्रतिबंधों के अनुपालन का जायजा लिया। परबत्ता प्रखंड में भी अंचल अधिकारी अंशु प्रसून द्वारा 1 रेडीमेड वस्त्रालय और 1 ज्वेलरी की दुकान को सील किया गया। सील की गई दुकानें अगले 3 कार्य दिवसों तक बंद रहेंगे और संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी से अनुमति के बाद ही इन दुकानों का  सील खुलेगा।

कोविड प्रोटोकॉल एवं जारी प्रतिबंधों का उल्लंघन करते पाए गए वाहनों से  बुधवार को 69500 जुर्माना वसूल किया गया। खगड़िया अनुमंडल में 39000 और गोगरी अनुमंडल में 30500  की वसूली वाहनों से की गई। अब तक कुल 16,93,400 जुर्माना कोविड नियमों का उल्लंघन करते पाए गए वाहनों से वसूल किया जा चुका है।

इसी प्रकार मास्क जुर्माना के रूप में आज 25600 वसूली की गई। मास्क जुर्माना के रूप में खगड़िया अनुमंडल में 5650 और गोगरी अनुमंडल में 19950 की वसूली की गई सर्वाधिक मास्क जुर्माना परबत्ता 8850 और गोगरी 8600में वसूल किया गया। अब तक 7,78,000 की वसूली  मास्क जुर्माना के रूप में की जा चुकी है।

प्रभारी जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी आनंद प्रकाश ने बताया कि जिले में जिलाधिकारी  आलोक रंजन घोष के नेतृत्व में प्रशासन द्वारा किए गए प्रयासों और लोगों द्वारा कोविड संबंधी दिशा-निर्देशों के पालन का ही  नतीजा है कि सक्रिय कंटेनमेंट जोनों की संख्या घटकर मात्र 20 रह गई है। जिनमें 6-6 कंटेनमेंट जोन खगड़िया, अलौली प्रखंड में है जबकि 4 कंटेनमेंट जोन परबत्ता प्रखंड में सक्रिय है।

लोगों को जागरूक करने और टीकाकरण हेतु प्रेरित करने के लिए प्रचार वाहन भी  ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में चलाए जा रहे हैं। लोगों को अफवाहों से बचने और कोरोना उन्मूलन हेतु टीकाकरण की  अपील की  जा रही है।

जिलाधिकारी  ने सभी अनुमंडल अधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों एवं थानाध्यक्षों से वर्तमान में प्रभावी आंशिक प्रतिबंधों का प्रभावी अनुपालन कराने एवं नियमित अनुश्रवण करने का निर्देश दिया है।