News TOP STORIES नयी दिल्ली पटना बिहार राष्ट्रीय

बिहार नगर निकाय: नगर निगम में वोटों की रफ्तार धीमी, पटना में तीन बजे तक सिर्फ 24.74 प्रतिशत मतदान


  1. पटना,  : बिहार नगर निकाय के दूसरे चरण के चुनाव में 68 नगरपालिका के लिए बुधवार सुबह आठ बजे से वोटिंग हो रही है। शुक्रवार 30 दिसंबर को सभी जिला मुख्यालयों में मतगणना होगी। इस बार एक मतदाता अपने नगरपालिका क्षेत्र में मुख्य पार्षद, उप मुख्य पार्षद और वार्ड पार्षद के लिए तीन बार मतदान कर रहे हैं। इस चुनाव में पहली बार हर वोटर को सीधे अपने मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव का मौका दिया गया है। दूसरे चरण में राज्य के 23 जिलों में मतदान हो रहा है। इन जिलों में 17 नगर निगम क्षेत्र, दो नगर परिषद क्षेत्र और 49 नगर पंचायतें शामिल हैं। इस चरण में 68 निकायों में 68 मुख्य वार्ड पार्षद, 68 उप मुख्य पार्षद और 1529 वार्ड पार्षद पद के लिए आज वोटिंग होगी।
  • 03:30 PM, 28 Dec 2022

    नगर निगम में वोटों की रफ्तार धीमी, नगर पंचायत में भारी मतदान

    मुजफ्फरपुर में नगर निकाय चुनाव के दूसरे चरण में मतदान जारी है। नगर निगम मुजफ्फरपुर (Muzaffarpur Nagar Nigam) के मुकाबले नगर पंचायत मुरौल और माधोपुर सुस्ता में अधिक मतदान हो रहा है। नगर निगम में अबतक 35.05 प्रतिशत वोट डाले गए हैं। मुरौल में 52.84 प्रतिशत मतदाताओं ने वोटिंग की। माधोपुर सुस्ता में 53.50 प्रतिशत वोट पड़े।

  • 02:53 PM, 28 Dec 2022

    उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और भाजपा सांसद रवि शंकर प्रसाद ने किया मतदान

    उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और भाजपा सांसद रवि शंकर प्रसाद ने किया मतदान

    बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने पटना में वेटरनरी कॉलेज में स्थानीय निकाय चुनाव के लिए मतदान किया। वहीं, भाजपा सांसद रवि शंकर प्रसाद ने भी राजधानी में स्थानीय निकाय चुनाव के लिए मतदान किया।

  • 02:41 PM, 28 Dec 2022

    वोट देने के लिए कतार में लगे भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राधामोहन सिंह

    वोट देने के लिए कतार में लगे भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राधामोहन सिंह

    भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह सांसद व पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री राधामोहन सिंह मोतिहारी में निगम की सरकार चुनने के लिए अपने मत का प्रयोग करने पहुंचे। शहर के ईदगाह स्थित मतदान केंद्र पर वे आम मतदाताओं के साथ कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।

  • 01:57 PM, 28 Dec 2022

    सीतामढ़ी में पुरुषों के मुकाबले महिलाओं में जबरदस्त उत्साह

    नगर निगम सीतामढ़ी (Sitamarhi Nagar Nigam) का चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में चल रहा है। नगर निगम क्षेत्र के 1 लाख 63 हजार 837 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। इनमें 86891 पुरुष व 76934 व अन्य 12 मतदाता हैं। भीषण शीतलहर के बीच मतदान के लिए जबरदस्त उत्साह है। पुरुषों के मुकाबले महिलाएं अधिक संख्या में वोट के लिए टर्नअप हो रही हैं।

    दोपहर एक बजे तक 26.61 प्रतिशत पुरुष मतदाताओं ने जहां वोट किए हैं। वहीं महिला मतदाताओं की प्रतिशतता 28.93 है। निगम के कुल 46 वार्डों में वार्ड पार्षद पद लिए कुल 358 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। मुख्य पार्षद के पद के लिए 30 व उप मुख्य पार्षद के एक पद के लिए 33 प्रत्याशी मैदान में हैं। 46 वार्डों में कुल 184 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 167 मूल व 17 चलंत मतदान केंद्र हैं।

  • 01:53 PM, 28 Dec 2022

    भागलपुर में जमकर पड़ रहे वोट

    भागलपुर में निकाय चुनाव को लेकर मतदाताओं में गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है। युवाओं से लेकर महिलाएं और बुजुर्ग लंबी कतार में अपनी बारी की प्रतिक्षा कर रहे हैं। दोपहर एक बजे तक 35.06 प्रतिशत मतदान हुआ है।

    भागलपुर नगर निगम की बात करें तो कुल 25.49 प्रतिशत मतदान हुआ, जिसमें पुरुषों की 28.85 प्रतिशत और महिलाओं की 23.13 प्रतिशत भागीदारी रही।

    इसके अलावा सबौर नगर पंचायत में कुल 38.06 प्रतिशत मतदान में 38.09 प्रतिशत पुरुष और 37.22 प्रतिशत महिला मतदाताओं ने वोटिंग की।

    वहीं हबीबपुर नगर पंचायत में 37.83 प्रतिशत पुरुष और 45.46 प्रतिशत महिला मतदाताओं के साथ कुल 41.28 प्रतिशत मतदान हुआ।

  • 01:42 PM, 28 Dec 2022

    नगर की सरकार के लिए राज्यपाल और सीएम ने किया मतदान

    राजभवन के पास स्थित मध्य विद्यालय आदर्श मतदान केंद्र पर राज्यपाल फागू चौहान ने वोट डाला। उन्होंने कहा की अधिक से अधिक लोग अपने मताधिकार का प्रयोग करें। दोपहर बाद सीएम नीतीश कुमार भी वोट डालने पहुंचे। जिला निर्वाचन अधिकारी सह डीएम चंद्रशेखर सिंह ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। वहीं निर्वाची अधिकारी डीडीसी तनय सुल्तानिया कंट्रोल रूम से मतदान का जायजा लेते रहे।

  • 01:41 PM, 28 Dec 2022

    धूप निकलने के साथ घरों से निकले मतदाता

    नगरपालिका आम निर्वाचन 2020 के दूसरे चरण में पटना नगर निगम में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है। अचानक बढ़ी ठंड के कारण शुरुआत के तीन चार घंटे मतदान की गति धीमी रही। दोपहर के समय धूप निकली तो मतदाता भी घरों से निकलने लगे। सुबह नौ बजे तक करीब पांच प्रतिशत मतदान हुआ। ग्यारह बजे यह 11 प्रतिशत से ऊपर पहुंच गया। निगम क्षेत्र में 1891 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमे 10 आदर्श मतदान केंद्र हैं। करीब साढ़े सत्रह लाख मतदाता हैं।

  • 12:52 PM, 28 Dec 2022

    गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने भागलपुर में किया मतदान

    गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने भागलपुर में किया मतदान

    भागलपुर में गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने वार्ड 20 के राजकीय सारो कन्या मध्य विद्यालय में  मेयर, उप मेयर व वार्ड पार्षद के लिए सबसे पहले मतदान किया। इसके बाद उन्होंने ट्वीट कर पहले मतदान फिर जलपान का नारा देते हुए भागलपुर के लोगों से परिवर्तन के लिए मतदान करने का आग्रह किया।

  • 12:35 PM, 28 Dec 2022

    नालंदा में दो उम्मीदवारों के समर्थकों के बीच झड़प

    नालंदा जिले के पटेल नगर इलाके में निकाय चुनाव के दौरान दो उम्मीदवारों के समर्थकों के बीच झड़प की सूचना है। दोनों पक्षों के बीच जमकर पत्थरबाजी हुई है। पुलिस हालात पर काबू पाने की कोशिश कर रही है। नालंदा के सदर डीएसपी ने कहा कि हम मौके पर पहुंच गए हैं और स्थिति को नियंत्रित कर लिया है। कुछ तत्व शांति को खतरे में डालने की कोशिश कर रहे थे। शांतिपूर्ण ढंग से मतदान हो रहा है।

  • 12:32 PM, 28 Dec 2022

    मोबाइल टॉर्च की रोशनी में निर्वाचक सूची मिलान कर रहे कर्मी

    कटिहार के मिरचौबाड़ी सामुदायिक भवन मतदान केंद्र में रोशनी की समुचित व्यवस्था के अभाव में कर्मी मोबाइल टॉर्च की रोशनी में निर्वाचक सूची का मिलान करते दिखे।

  • 12:27 PM, 28 Dec 2022

    मोतिहारी में EVM में गड़बड़ी के बाद मतदान बाधित

    मोतिहारी के मंगल सेमिनरी में बने मतदान केंद्र संख्या 23/5 पर वार्ड पार्षद के EVM में गड़बड़ी की सूचना है। EVM में खराबी के बाद मतदान बाधित है।

  • 11:45 AM, 28 Dec 2022

    राज्यपाल फागू चौहान ने मतदान के बाद लोगों से की अपील

    राज्यपाल फागू चौहान ने मतदान के बाद लोगों से की अपील

    नगर निकाय के दूसरे चरण में पटना में मतदान जारी है। बिहार के राज्यपाल फागू चौहान ने मध्य विद्यालय राजभवन आदर्श मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वोट डालने के बाद उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोग मताधिकार का इस्तेमाल करें।

  • 10:53 AM, 28 Dec 2022

    समस्तीपुर में ठंड के कारण मतदान की गति धीमी

    नगर निगम क्षेत्र समस्तीपुर में सुबह सात बजे से मतदान शुरू हुआ। कड़ाके की ठंड के कारण मतदान की गति धीमी रही। सुबह नौ बजे तक यहां 6.3 प्रतिशत मतदान हुआ। पुलिस अधीक्षक हृदयकांत पुलिस बल के साथ विभिन्न मतदान केंद्रों का जायजा लेते रहे। इसके अलावा सिंघिया नगर पंचायत में 11.53 व मुसरीघरारी नगर पंचायत में 10.53 प्रतिशत मतदान की सूचना जिला नियंत्रण कक्ष ने दी है।

  • 10:29 AM, 28 Dec 2022

    पहली बार मतदान करने पहुंची युवतियां

    पहली बार मतदान करने पहुंची युवतियां

    मोतिहारी के नगर निगम के वार्ड 28 स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय रघुनाथपुर कन्या परिसर में पहली बार मतदान कर रहे युवक-युवतियों में निकाय चुनाव को लेकर काफी उत्साह देखने को मिला। मतदान करने के बाद युवतियां सेल्फी लेती दिखी तो कुछ अपने हाथों पर चिह्न दिखा रही थी।

  • 10:15 AM, 28 Dec 2022

    मुजफ्फरपुर में सुबह नौ बजे तक 9.50 प्रतिशत मतदान

    मुजफ्फरपुर में सुबह नौ बजे तक 9.50 प्रतिशत मतदान हुआ, जिसमें 10.13 प्रतिशत पुरुष और 8.80 प्रतिशत महिलाओं की भागीदारी रही।

  • 10:01 AM, 28 Dec 2022

    भागलपुर में सुबह नौ बजे तक 10.33 प्रतिशत मतदान

    भागलपुर नगर निगम में सुबह 9 बजे तक कुल 7.28 प्रतिशत मतदान हुआ, जिसमें 8.12 पुरुष और
    6.44 प्रतिशत महिलाओं की भागीदारी रही। वहीं सबौर में कुल 12.61 प्रतिशत में 13 प्रतिशत पुरुष और 9 प्रतिशत महिला मतदाताओं ने वोट किए। इसी तरह हबीबपुर में सुबह 9 बजे तक कुल 12.61 प्रतिशत हुआ। इसमें पुरुष 13.34 प्रतिशत और महिला 12.12 प्रतिशत रहीं।

  • 09:38 AM, 28 Dec 2022

    मोतिहारी में वोट डालने निकली जेठानी-देवरानियां की टोली

    मोतिहारी में वोट डालने निकली जेठानी-देवरानियां की टोली

    ठंड के बावजूद मतदाताओं का जोश बिल्कुल भी कम नहीं है। महिलाएं सुबह से ही मतदान के लिए घर से निकल रही हैं। इसी कड़ी में मोतिहारी शहर के मेन रोड में ठंड व कुहासे के बीच मतदान के लिए एक साथ जाती जेठानी व देवरानियां की टोली भी दिखी।

  • 09:33 AM, 28 Dec 2022

    पटना में नवजात को गोद में लेकर वोट डालने पहुंची महिला

    पटना में नवजात को गोद में लेकर वोट डालने पहुंची महिला

    राजधानी पटना के बेली रोड स्थित राजभवन मध्य विद्यालय आदर्श मतदान केंद्र पर कड़ाके की ठंड में एक महिला अपने एक माह के बच्चे को गोद में लेकर वोट डालने पहुंची।

  • 09:07 AM, 28 Dec 2022

    जिलाधिकारी ने कर्मियों व अधिकारियों को दिए निर्देश

    जिलाधिकारी ने कर्मियों व अधिकारियों को दिए निर्देश

    मोतिहारी के जिलाधिकारी शीर्षत कपिल अशोक समाहरणालय स्थित नियंत्रण कक्ष पहुंचे और सूचनाएं संकलित करते कर्मचारी और अधिकारियों को निर्देश दिए।

  • 08:21 AM, 28 Dec 2022

    हेनरी बाजार में सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतार

    हेनरी बाजार में सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतार

    मोतिहारी में नवगठित नगर निगम के पहले मतदान को लेकर मतदाताओं में गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है। हेनरी बाजार में मतदान केंद्र पर वोटिंग शुरू होते ही महिला और पुरुष मतदाताओं की लंबी कतार देखने को मिल रहा है।

  • 08:13 AM, 28 Dec 2022

    सारण के चार नगर निकायों के 267 बूथों पर मतदान शुरू

    सारण के चार नगर निकायों के 267 बूथों पर मतदान शुरू

    सारण के चार नगर निकायों में बुधवार की सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया। इस कड़ाके की ठंड में भी अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए मतदाता मतदान बूथों पर पहुंच रहे हैं। आदर्श मतदान केंद्र पर पहले मतदाता का पीठासीन पदाधिकारी ने स्वागत किया। छपरा नगर निगम समेत मांझी, कोपा व मशरख नगर पंचायत में मतदान हो रहा है। इन चार नगर निकायों के लिए 123 भवनों 267 मतदान केंद बनाया गया है।

    दो लाख 23 हजार 823 मतदाता ईवीएम का बटन दबाकर 678 प्रत्याशियों का चुनाव करेंगे। जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी जावेद इकबाल ने बताया कि सारण जिले के चारों निकाय क्षेत्रों में सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया है।

  • 07:38 AM, 28 Dec 2022

    गया में मतदाताओं का उत्साह के सामने कमजोर पड़ा ठंड

    गया में मतदाताओं का उत्साह के सामने कमजोर पड़ा ठंड

    गया में नगर निकाय चुनाव के दूसरे चरण के लिए वोटिंग शुरू हो गई है। आरआर अशोक प्लस टू उच्च विद्यालय खरखुरा बूथ पर सुबह से ही मतदाता वोट देने के लिए लाइन में खड़े हैं। ठंड के बावजूद लोगों का उत्साह देखने लायक है।

  • 07:35 AM, 28 Dec 2022

    चुनावी रंजिश में मुख्य पार्षद प्रत्याशी के पुत्र को मारी गोली

    सीवान के आंदर नगर पंचायत में चुनावी रंजिश को लेकर मुख्य पार्षद प्रत्याशी के पुत्र को मंगलवार की रात अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर घायल कर दिया है। आनन फानन में स्थानीय लोगों ने इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आंदर में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे सिवान सदर अस्पताल रेफर कर दिया है। घायल युवक की पहचान आंदर निवासी पिंटू कुशवाहा के रूप में हुई है।

    घायल युवक की मां मुख्य पार्षद पद पर चुनाव लड़ रही है। घटना के संबध में बताया जा रहा है कि मंगलवार की रात विरोधी दल द्वारा भरटोलिया गांव में मतदाताओं को पायल एवं रुपये देकर अपने पक्ष में वोट देने के लिए दबाव बनाया जा रहा था। इसका विरोध किया तो बदमाशों ने गोली मारकर घायल कर दिया है।आंदर थानाध्यक्ष कुमार वैभव अपने पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुटे हैं।

  • 06:21 AM, 28 Dec 2022

    हर बूथ पर तैनात रहेंगे छह-छह मतदान कर्मी

    राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार मतदान की पूरी तैयार कर ली गई है। प्रत्येक बूथ पर एक मतदाताओं के लिए तीन-तीन कंपार्टमेंट तैयार किए गए हैं। मतदान को लेकर आयोग की ओर से कुल 7084 बूथों की स्थापना की गयी है। हर बूथ पर छह-छह मतदान कर्मी तैनात रहेंगे। आयोग की ओर से सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि मतदाताओं की पहचान के लिए डिजिटल फोटोग्राफी सर्विलेंस तकनीक का उपयोग करें।