News TOP STORIES नयी दिल्ली राजस्थान राष्ट्रीय

गहलोत जादूगर हैं, बिजली-स्वास्थ्य सुविधाएं गुल कर दीं, अमित शाह का कांग्रेस सरकार पर निशाना


जयपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज चुनावी राज्य राजस्थान के दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के कुचामन जिले में भारी जनसभा को संबोधित किया। वो यहां पार्टी के प्रत्याशी विजय सिंह चौधरी के समर्थन में चुनाव प्रचार करने पहुंचे थे। प्रदेश में 25 नवंबर को नई विधानसभा के गठन के लिए मतदान कराए जाने हैं।

अमित शाह ने विशाल जनसभा में बोलते हुए कहा कि राजस्थान की भूमि सदियों से सम्मान और गौरव की भूमि रही है। जिसने मुगलों की आंधी के सामने डटकर मुकाबला किया और उनको रोकने का काम किया। गहलोत सरकार पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा कि अशोक गहलोत के सत्ता में आने के बाद कानून-व्यवस्था, गांवों में बिजली और पिछली सरकार द्वारा शुरू की गई कल्याणकारी योजनाएं गायब हो गईं है। यह काम केवल एक जादूगर ही ऐसा कर सकता है।

कांग्रेस ने वीर भूमि को बदनाम किया

अमित शाह ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राजस्थान की भूमि ने वीरता की कई कहानियां गढ़ी हैं, लेकिन 5 साल में गहलोत सरकार ने इस वीर भूमि को बदनाम करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने राज्य की कांग्रेस सरकार को सबसे भ्रष्ट बताते हुए कहा कि, इन्होंने तुष्टिकरण की सभी सीमाएं पार कर दी हैं।

लाल रंग से डरते हैं गहलोत

अपने भाषण में लाल डायरी का जिक्र करते हुए अमित शाह ने कहा कि गहलोत जी झंडे का लाल कलर देखकर ही भड़क जाते हैं। कुछ भी लाल हो गहलोत जी को लाल डायरी ही नजर आती है। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर प्रदेश के खनन विभाग में  66 हजार करोड़ का घोटाला करने के भी आरोप लगाए।

सबसे भ्रष्ट कांग्रेस सरकार

रैली के दौरान अमित शाह ने दावा किया कि देश में अगर सबसे भ्रष्ट सरकार कहीं की रही है, तो वो राजस्थान की कांग्रेस सरकार है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में घोटालों की यह स्थिति है कि जांच करने वालों ने भी हाथ जोड़ लिए हैं। वो भी कह रहे हैं कि जहां हाथ डाल रहे हैं वहीं से एक नया घोटाला निकल कर आ रहा है।