खेल

गांगुलीका दिल २० सालके लड़केकी तरह युवा


आज मिलेगी अस्पतालसे छुट्टी
कोलकाता (एजेन्सियां)। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष और भारतीय क्रिकेट टीमके पूर्व कप्तान सौरभ गांगुलीकी हालत स्थिर है और उनके स्वास्थ्य संबंधी सभी मानक सामान्य हैं। जाने मामने हृदयरोग विशेषज्ञ डाक्टर देवी शेट्टीने मंगलवार को गांगुलीके स्वास्थ्य की निगरानीके बाद इस बारेमें बताया। डाक्टर शेट्टीने कहा कि गांगुलीको बुधवारको अस्पतालसे छुट्टी दी जायेगी। गांगुली को दिलका हल्का दौरा पडऩेके बाद अस्पतालमें भर्ती कराया गया था जहां उनकी एंजियोप्लास्टीकी गयी। शनिवार को गांगुलीकी रिपोर्टमें हृदयसे संबंधित ट्रिपल वेसेल डिजीजका पता चला। उनके हृदयकी तीन कोरोनरी धमनियां अवरूद्ध हो गयी हैं। उनकी दूसरी एंजियोप्लास्टी बादमें होनेकी संभावना है। बीसीसीआई अध्यक्षको देखनेके लिए डाक्टर शेट्टी मंगलवारको कोलकाता पहुंचे। उन्होंने कहा गांगुली (४८) देशकी निधि हैं। उन्हें दिल का हल्का दौरा आया था। इससे उनके स्वास्थ्यको कोई नुकसान नहीं पहुंचा। डाक्टर शेट्टीने वुडलैंड अस्पतालमें गांगुलीका उपचार कर रहे १३ डाक्टरों की टीमसे मिलने के बाद कहा गांगुली जल्द स्वस्थ हो जायेंगे क्योंकि उनका हृदय उसी तरह काम कर रहा है जैसा कि २० सालकी उम्रमें करता था। डाक्टर शेट्टीने कहा यह कोई बड़ा दिल का दौरा नहीं था। इससे उनके हृदयको कोई क्षति नहीं पहुंची है। इसका भविष्य में उनके जीवनपर कोई असर नहीं पड़ेगा। वह सामान्य जीवन बिता सकते हैं।