राष्ट्रीय

गुजरात में दलबदल का खेल शुरू


गुजरात में भाजपा की रिकॉर्ड जीत के बाद सोमवार को भूपेंद्र पटेल CM पद की शपथ लेंगे। शपथ समारोह से 24 घंटे पहले ही राज्य में दलबदल का खेल शुरू हो गया है। आम आदमी पार्टी (AAP) के एक और तीन निर्दलीय विधायकों ने भाजपा को समर्थन देने का ऐलान कर दिया है। हालांकि, उन्होंने पार्टी में शामिल होने से इनकार किया है। चार में से तीन पहले भाजपा में ही थे।AAP विधायक भूपत भयाणी पहली बार जूनागढ़ जिले के विसावदर सीट से जीतकर विधानसभा पहुंचे हैं। वे पहले भाजपा में भी रह चुके हैं। चुनाव से कुछ महीने पहले ही AAP में शामिल हुए थे। हालांकि मीडिया से बातचीत में भूपत ने भाजपा में शामिल होने से इनकार किया है। भूपत ने कहा कि मैं पार्टी से गद्दारी नहीं करूंगा।इधर, तीन निर्दलीय विधायकों में से बायड़ से धवल झाला, धानेरा से मावजी देसाई और वाघोड़िया से धर्मेंद्र वाघेला शामिल हैं। झाला और मावजी देसाई भाजपा से टिकट नहीं मिलने के बाद चुनाव से ऐन वक्त पहले निर्दलीय चुनाव लड़े और जीत भी गए। अब उन्होंने भी भाजपा को समर्थन देने का ऐलान किया है।गुजरात की 182 विधानसभा सीटों में से भाजपा ने 156 सीटें जीती हैं। उसे 2017 के मुकाबले 58 सीटों का फायदा हुआ है। वहीं, कांग्रेस को सबसे ज्यादा 60 सीटों का नुकसान हुआ है। पार्टी ने पिछली बार 77 सीटें जीती थीं। इस बार उसे 17 सीटें ही मिली हैं। आप ने 5 सीटें जीती हैं। निर्दलीय को तीन और सपा को एक सीट पर जीत मिली है।