Latest News अन्तर्राष्ट्रीय

गुतारेस ने किया अगाहः इथियोपिया को संरा के 7 अधिकारियों को निष्कासित करने का कोई अधिकार नहीं


संयुक्त राष्ट्रः संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने शुक्रवार को इथियोपिया को सूचित किया कि विश्व संस्था के सात अधिकारियों को निष्कासित करने का उसके पास कोई वैधानिक अधिकार नहीं है और आगाह किया कि संघर्षग्रस्त टिग्रे क्षेत्र के लिए अत्यंत आवश्यक सहायता पर गंभीर प्रतिबंधों से मानवीय और मानवाधिकार संबंधी संकट पैदा हो गया है जो ”नियंत्रण से बाहर हो रहा है।” टिग्रे को भोजन, ईंधन और अन्य मानवीय सहायता की आपूर्ति पर सरकार द्वारा लगभग नाकाबंदी का सामना करना पड़ रहा है और कथित तौर पर भुखमरी से वहां बच्चों की मौत हो रही है। संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने कहा कि क्षेत्र में कम से कम 52 लाख लोगों को मानवीय सहायता की आवश्यकता है, जिसमें कम से कम 4,00,000 लोग ”अकाल जैसी परिस्थितियों में रह रहे हैं”।

उन्होंने कहा कि बच्चों में कुपोषण का स्तर अब उसी स्तर पर है, जो सोमालिया में 2011 के अकाल की शुरुआत में था। इथियोपिया ने संयुक्त राष्ट्र के सात अधिकारियों पर देश के आंतरिक मामलों में ”दखल” का आरोप लगाते हुए बृहस्पतिवार को उनके निष्कासन की घोषणा की। अधिकारियों को देश छोड़ने के लिए 72 घंटे का समय दिया गया है। शुक्रवार को एक नए बयान में इथियोपिया के विदेश मंत्रालय ने संयुक्त राष्ट्र के कुछ कर्मचारियों पर ”स्वतंत्र और निष्पक्ष रूप से अपने मिशन को पूरा करने में विफल रहने और सरकारी सैनिकों से लड़ने वाले टिग्रे बलों को कथित रूप से मानवीय सहायता पहुंचाने जैसे ”गंभीर उल्लंघन” का आरोप लगाया।