पटना

गोपालगंज: बारात में हुई गोली बारी, एक की मौत तीन घायल


गोपालगंज। उचकागांव थाना क्षेत्र के नरकटिया गांव में एक शादी समारोह के दौरान गोलीबारी हुई। गोलीबारी में 4 लोगों को गोली लगी। जिसमें एक व्यक्ति की अस्पताल ले जाने के दौरान मौत हो गई है। वहीं बाकी तीन लोगों को गंभीर हालत में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया जहाँ स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया गया।

घायल युवक रोहित कुमार सिंह ने बताया की उनके पड़ोस में एक बरात आयी हुई थी। जहां गांव के ही कुछ लोग सुबह से ही गड़बड़ करने के ताक में लगे हुए थे। इसी दौरान शाम को शादी का कार्यक्रम चल रहा था। वहीं बरातियो को खाना खिलाने के क्रम में विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद  इतना बढ़ गया की आरोपियों ने ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू कर दी। गोलीबारी में एक ही परिवार के पिता समेत तीन पुत्रो को गोली लगी।

जिसके बाद शादी समारोह में भगदड़ मच गई और  घटना के बाद आनन-आनन में परिजनों ने सभी घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल आने के क्रम में राजेंद्र सिंह की रास्ते में मौत हो गयी। जबकि सभी घायलों को स्थिति नाज़ुक बनी हुई थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया।

इस गोलीकांड के बाद इलाके में सनसनी फ़ैल गई है। घटना की जानकारी मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंची हैं। मामले की छानबीन की जा रही है। थानाध्यक्ष ने कहा कि आरोपियों की गिरफ़्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।