Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

गोवा विधानसभा चुनाव : आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल आज जाएंगे गोवा के दो दिवसीय दौरे पर


पणजी, । दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल विधानसभा चुनाव से पहले गुरुवार को गोवा के दो दिवसीय दौरे पर जाएंगे। आप से मिली जानकारी के अनुसार, केजरीवाल 10-11 फरवरी तक गोवा के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे।

आप प्रमुख ने इस महीने की शुरुआत में भी गोवा का दौरा किया था। गोवा में 14 फरवरी को विधानसभा चुनाव होंगे और वोटों की गिनती 10 मार्च को होगी।

इससे एक दिन पहले गृह मंत्री अमित शाह व रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बुधवार को गोवा दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने यहां चुनावी जन सभाओं को संबोधित किया। दोनों नेताओं ने यहां कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा, अगर कांग्रेस चाहती, तो पूरे देश के साथ गोवा भी वर्ष 1947 में ही आजाद हो गया होता। शाह ने बिचोलम में आयोजित एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस गोवा के साथ हमेशा अन्याय करती रही है। न सिर्फ आजादी, बल्कि विकास के मामले में भी। उन्होंने कहा, ‘अगर पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का नेतृत्व निर्णायक होता, तो 15 अगस्त, 1947 को देश के अन्य हिस्सों की तरह गोवा भी आजाद हो गया होता। गोवा को काफी संघर्ष के बाद आजादी मिली है। इसमें काफी समय लग गया।