Latest News नयी दिल्ली पंजाब

चंडीगढ़ मेयर पद पर फिर भाजपा का कब्जा, सरबजीत कौर को एक वोट से मिली जीत


चंडीगढ़। Chandigarh Mayor Election: चंडीगढ़ मेयर पद पर एक बार फिर भाजपा का कब्जा हो गया है। भाजपा की सरबजीत कौर को विजेता घोषित किया गया है। आम आदमी पार्टी का एक वोट इनवेलिड होने के चलते उसे रद कर दिया है। ऐसे में भाजपा उम्मीदवार सरबजीत कौर को एक वोट से विजेता घोषित किया गया है।

आम आदमी पार्टी (आप) और भाजपा दोनों उम्मीदवारों को 14-14 वोट पड़े थे, लेकिन आप का एक वोट इनवेलिड होने से उसे रद कर दिया गया। इसके बाद आप पार्षदों ने जमकर हंगामा शुरू कर दिया है। दरअसल आम आदमी पार्टी का एक वोट की पर्ची फट गई थी, जिसको लेकर भाजपा ने इसे रद करने की मांग की। इसके बाद सरबजीत कौर को एक वोट से विजेता घोषित किया गया। इसके बाद से दोनों दलों में जमकर हंगामा हो रहा है। मौके पर पुलिस पहुंच गई है। वहीं दोनों दल के पार्षद खूब हंगामा कर रहे हैं और एक दूसरे के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे हैं। हाथापाई तक की नौबत आ गई है।

इतिहास में पहली बार हुआ मेयर चुनाव के बाद पार्षद आपस में झगड़ पड़े। आम आदमी पार्टी के प्रधान प्रेम गर्ग सदन में पहुंच गए थे, जिन्हें भाजपा के पार्षदों ने धक्का मार कर बाहर निकाला। भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद का आरोप है कि आम आदमी पार्टी के पार्षदों ने सदन की गरिमा को तार-तार किया। उन्होंने कमिश्नर की कुर्सी पर अपनी उम्मीदवार अंजू कत्याल को बिठा दिया। इसके बाद वहां गिलास और माइक को भी तोड़ दिया।

इसके बाद आम आदमी पार्टी और भाजपा के पार्षद सामने मंच पर आ गए। जहां एक ओर भाजपा की सरबजीत कौर मेयर की कुर्सी पर बैठी हैं। वहीं, आप पार्षदों ने कमीश्नर की कुर्सी पर आप की उम्मीदवार अंजू कत्याल को बैठा दिया था।

मेयर चुनाव के बाद सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर पद के लिए चुनाव होगा। 11 बजे से सभी पार्षद मतदान के लिए नगर निगम पहुंच गए थे। चुनाव के लिए कुल 28 वोट पड़े हैं, जिनमें 14 पार्षद आप, 13 पार्षद भाजपा और एक सांसद किरण खेर का वोट शामिल है। सबसे पहले मेयर और उसके बाद सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर पद के लिए चुनाव होगा। पहले एक साल के लिए मेयर पद महिला के लिए रिजर्व है। आप ने अंजू कत्याल और भाजपा ने सरबजीत कौर को उम्मीदवार बनाया है।