चंदौली

चंदौली।आजादी के दीवानों को किया गया याद


चंदौली। आजादी के अमृत महोत्सव एवं चौरी चौरा शताब्दी महोत्सव के अवसर पर जनपद के शहाबगंज ब्लॉक में जिलाधिकारी संजीव सिंह की अध्यक्षता में भव्य कार्यक्रम का आयोजन हुआ। जिलाधिकारी द्वारा सर्वप्रथम शहीद स्मारक पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया। तत्पश्चात जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी सहित आला अधिकारियों द्वारा मां सरस्वती महात्मा गांधी जी एवं भगत सिंह के तैल चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। देश को आजाद कराने में अपने प्राणों की आहुति देने वाले परिवार के सदस्यों को सम्मान पूर्वक जिलाधिकारी के साथ-साथ उपस्थित अधिकारियों द्वारा अंग वस्त्र एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने संबोधित करते हुए उपस्थित लोगों को बताया कि ब्रिटिश शासन में जो महत्वपूर्ण घटनाएं हुई थी उसमें काकोरी कांड भी था। चौरी-चौरा कांड में आंदोलन में हिंसक ढंग से प्रदर्शन हुआ था। ब्रिटिश सरकार द्वारा जो यातनाएं दी गई थी उसको देखते हुए हमारे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने स्वतंत्रता आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए काकोरी घटना घटित हुई। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने अपने जान की बाजी लगाते हुए दुश्मनों से पूरी तरह सामना किया। इसी का परिणाम है कि आज हम सभी लोग स्वतंत्र हैं। देश के सपूतों ने संकल्प लिया था कि ब्रिटिश हुकूमत वाली सरकार को मार भगाना है जिसका परिणाम आज सामने देखने को मिल रहा है। जिलाधिकारी ने बताया कि देश को आजाद कराने के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों से प्रेरणा मिलती है कि देश से बड़ा कुछ भी नहीं है। आज अमृत महोत्सव के कार्यक्रम से अपने वीर सपूतों को याद किए जाने के साथ ही युवाओं बच्चों को प्रेरणा भी प्रदान करेगा। हमें संकल्प लेना चाहिए कि देश सेवा के लिए ईमानदारी से कार्य करते हुए इसे विकास के पथ पर आगे ले जाना है। जिलाधिकारी ने बताया कि अमृत महोत्सव के बारे में सभी बच्चों को ऑनलाइन जानकारी दी जाएगी बच्चों को याद दिलाया जाएगा कि देश को स्वतंत्र कराने में वीर सपूतों की भूमिका कितना महत्वपूर्ण थी।