चंदौली

चंदौली।राज्य स्तर पर तीसरी बार चयनित हुए वारिज


चंदौली। नियामताबाद ब्लाक के पूर्व माध्यमिक विद्यालय लौंदा में कार्यरत विज्ञान शिक्षक वारिज कपूर ने आदर्श पाठ योजना में राज्य स्तर पर तीसरी बार चयनित होकर जिले का नाम रौशन किया है। ज्ञातव्य है कि एक ही वित्तीय वर्ष में चार प्रतियोगिताओं में राज्य स्तर पर चयनित होने वाले वह जिले के एकमात्र शिक्षक हैं। इसी तरह राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत विज्ञान प्रदर्शनी में पू० मा.विद्यालय लौंदा के तीन बच्चों ने इनके कुशल मार्गदर्शन में अपने प्रतिभा का लोहा मनवाया। विज्ञान के प्रति लगाव के कारण वारिज कपूर अभी तक अपने वेतन से करीब तीन लाख रूपये मूल्य का आई०टी०सी० के टूल्स खरीद चुके है। कोरोना काल में भी बच्चों को डिजिटल माध्यम से शिक्षित करने के लिए जिले पर दो बार सम्मानित किये जा चुके हैं। खण्ड शिक्षाधिकारी राकेश सिंह एवं जिला बेसिक शिक्षाधिकारी सत्येन्द्र कुमार सिंह ने वारिज कपूर को उनकी सभी उपलब्धियों व गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के बधाई दी है। वारिज कपूर ने कहा कि उनकी इस उपलब्धि में माता पिता का आशीर्वाद एवं विद्यालय परिवार के सभी शिक्षक शिक्षिकाओं का योगदान है।