चंदौली

चंदौली। गेहूं बेचने के लिए किसानों को चबाने पड़ रहे लोहे के चने


चंदौली। जनपद के किसानों को गेंहू बेचने के लिए लोहे के चने चबाने पड़ रहे हैं। ऐसा हम नहीं बल्कि मौजूदा हालात से परेशान किसान कह रहे हैं। 24 घंटे पहले देश के पश्चिमी हिस्से में ताउते तूफान ने तबाही मचाई और उसका असर चंदौली जनपद में देखा गया। सोमवार की रात तेज हवाओ के साथ जनपद में कई इलाकों में बारिश भी हुई। यहां चंदौली जिला मुख्यालय स्थित नवीन मंडी में बनाए गए गेहूं क्रय केंद्र पर किसान हफ्तों पूर्व से गेंहू बेचने के लिए गेहूं गिराकर पड़े हुए हैं। बारिश के कारण उनका गेहूं भीग गया है। इसकी जानकारी होते ही सपा के राष्ट्रीय सचिव व सैयदराजा से पूर्व सपा विधायक मनोज सिंह डब्लू नवीन मंडी पहुंचे और किसानों की समस्या की जानकारी ली। इसको लेकर उन्होंने क्रय केंद्र पर तैनात कर्मचारियों से बात भी की लेकिन नतीजा सिफर रहा। हालांकि कर्मचारियों ने कहा कि किसानों का गेहूं खरीद लिया जाएगा। इस दौरान किसान योगेंद्र सिंह ने कहा कि हम अपना गेहूं बेचने के लिए नवीन मंडी आए हैं। 13 मई को हम गेहूं लाए। 14 मई को हमारा टोकन था। लेकिन आज तक हमारे गेहूं की खरीद नहीं हो पाई। बुजुर्गावस्था में कर्मचारी पिछले तीन दिनों से हमें दौड़ा रहे हैं। यदि इनकी मंशा खरीद की होती तो मेरा गेहूं आज भींग नहीं रहा होता। सच्चिदानंद सिंह ने बताया कि 15 तारीख से गेहूं गिराए है अब तक उनके गेहूं का कोई तौल भी नहीं हुआ। जबकि उनके पिताजी का 14 तारीख को देहांत हुआ था। हमें उनकी तेरही करनी है। 24 तारीख को है लेकिन कोई कोई भी अधिकारी सुनने वाला नहीं है। हमारा 51 कुंटल गेहूं है बारिश से हमारा गेहूं बच गया ढका हुआ है। अभी भी हमारा तौल हो सकता है। क्रय केंद्र के अधिकारी बोलते है कि जब अधिकारी आएंगे तभी गेहूं की तौल होगी। सपा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्ल्यू ने कहा कि यहां जब आया तो किसानों से बात होने लगी तो पता चला है कि कोई 9 मई से कोई 10 मई से कोई 11 मई से कोई 12 मई से यहां पड़ा हुआ है। किसानों का कहना है कि बाहर से गाड़ी आती है वह अपना गेहूं बेचती है और चली जाती हैं। हम लोग देखते रह जाते हैं। पूर्व विधायक ने चेताया कि यदि किसानों की खरीद नहीं हुई तो वह पुन: क्रय केन्द्र पर आएंगे।