चंदौली

चंदौली। तहसीलों पर सपाजनों ने किया प्रदर्शन


चंदौली। सपा नेतृत्व के आह्वान पर सपाइयों ने गुरुवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत बिछियां धरनास्थल पर आंदोलित नजर आए। इस दौरान सूबे की भाजपा सरकार पर हमलावर रहे और जमकर नारे लगाए। आरोप लगाया कि पंचायत चुनाव में भाजपा ने अलोकतांत्रित तरीके से लाठी के बल पर जिला पंचायत अध्यक्ष व ब्लाक प्रमुख की चुनाव जीतने का जतन किया है। समाजवादी पार्टी लाठीतंत्र को कभी बर्दाश्त नहीं करेगी। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष सत्य नारायण राजभर ने कहा कि पंचायत चुनाव में पुलिस-प्रशासन सत्ता पक्ष के प्रतिनिधि की भूमिका में नजर आया। गुंडई व लाठी के बल पर चुनाव में जमकर अराजकता मचाई गयी। अंत में एसडीएम सदर संजीत कुमार को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान डा० वीरेन्द्र बिन्द, जिला पंचायत सदस्य रमेश यादव, नफीस अहमद आदि उपस्थित थे। अलीनगर प्रतिनिधि के अनुसार पंचायत चुनाव में सत्ता पक्ष पर धांधली करने का आरोप लगाते हुए समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पीडीडीयू नगर तहसील पर एक दिवसीय धरना दिया। इस दौरान सभा को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद रामकिशुन ने कहा कि पंचायत चुनाव में सत्ता का दुरुपयोग कर लोकतंत्र की हत्या की गई है। कहा कि प्रमुख पद के नामांकन के समय सत्ता पक्ष के लोगों ने महिलाओं के साथ शर्मनाक अभद्रता की। कहा कि यदि निष्पक्षता से चुनाव होता तो सबसे अधिक जिला पंचायत अध्यक्ष व ब्लाक प्रमुख समाजवादी पार्टी के होते। यह सरकार समाज के हर वर्ग के खिलाफ कार्य कर रही है। किसी भी व्यक्ति को सरकार के खिलाफ विचार व्यक्त करने का अधिकार नहीं रह गया है। पूर्व ब्लाक प्रमुख बाबूलाल यादव ने कहा कि सत्ता लोकतांत्रिक मूल्यो पर आती है। इसलिये सरकार किसी भी पार्टी की हो लोकतंत्र का गला नहीं घोटा जाना चाहिए। कहा कि जिस तरह का जिला पंचायत, ब्लाक प्रमुख का चुनाव हुआ ऐसा कभी नहीं हुआ। इस अवसर पर चन्द्रशेखर यादव, यादवेश यादव आदि रहे।