चंदौली

चंदौली। मतगणना आज, तैयारियां मुकम्मल


चंदौली। जनपद के सभी ब्लाकों में चयनित मतगणना स्थल पर मतों की गिनती की जाएगी। इसको लेकर शनिवार को पूरे दिन तैयारियां होती रही। मतगणना स्थल पर साफ.सफाई के साथ ही सेनेटाइजेशन किया गया। इसके अलावा पेयजल सहित अन्य व्यवस्थाएं पूर्ण की गई। रविवार को सुबह आठ बजे से मतों की गिनती की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। पहले मतपत्रों का बंडल बनाया जाएगा। इसके बाद मतगणना की जाएगी। दोपहर बाद तक परिणाम आने लगेंगे। विदित हो कि जनपद में पंचायत चुनाव में मतदान के दिन पड़े वोटों की गणना के लिए ब्लाकवार नौ मतगणना स्थल बनाए गए हैं जहां मतगणना के लिए 341 टेबल लगाए जाएंगे। वहीं 3500 कार्मिक मतों की गिनती करने में लगे रहेंगे। हालांकि 4400 मतगणना कार्मिकों की ड्यूटी लगाई गई है। लेकिन 20 फीसद कार्मिकों को रिजर्व में रखा गया है। इसके तहत चंदौली 40, बरहनी 48, नियामताबाद 30, शहाबगंज 33, चकिया 39, धानापुर 39 और चहनियां में 36 टेबल लगाए जाएंगे। वहीं सकलडीहा में सबसे अधिक 52 और नौगढ़ में सबसे कम 24 टेबल लगाया जाएगा। मतगणना की प्रक्रिया सुबह आठ बजे से शुरू होगी। बैलेट बाक्स के सेनेटाइजेशन के बाद मतपत्रों को निकालकर इसका पहले बंडल बनाया जाएगा। इसके बाद 50-50 मतपत्रों का बंडल बनाया जाएगा। फिर मतों की गिनती शुरू होगी। ऐसे में दोपहर बाद परिणाम सामने आने की उम्मीद लगायी जा रही है। मतगणना का पहला चक्र सुबह आठ से शाम आठ बजे तक चलेगा। दूसरा चक्र शाम आठ बजे से शुरू होकर दूसरे दिन सुबह आठ बजे तक चलेगा। उम्मीद जताई जा रही है कि दो चरणों में जिले की सभी ग्राम पंचायतों, क्षेत्र पंचायत व जिला पंचायत सदस्य पद के परिणाम आ जाएंगे। यदि परिणाम लंबित रहे तो तीसरा चक्र चलाया जाएगा। इसके साथ ही पिटारे में बंद प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला हो जाएगा। सदर ब्लाक में शनिवार को पूरे दिन मतगणना पास बनवाने को लेकर प्रत्याशी व एजेंट जुटे रहे। इस दौरान ब्लाक परिसर में भीड़ देखने को मिली। हालांकि काउंटर पर बकाएदे लाइन लगवाने के बाद एक.एक कर प्रत्याशियों व एजेंटों का पास बनाया गया। एडीओ पंचायत ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि दो मई को पालीटेक्निक कालेज में होने वाले मतगणना को लेकर प्रत्याशियों व एजेंटों का पास बनाया गया। इस दौरान कोविड.19 नियमों का पालन कराया गया।