चंदौली

चंदौली। सेना भर्ती में सेंधमारी राष्ट्रीय सुरक्षा का मामला:मनोज


धानापुर। सपा के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व विधायक सैयदराजा मनोज सिंह डब्लू शनिवार को प्रसहटा गांव के दौरे पर थे। इस दौरान गांव के उन पीडि़त परिवारों से मिले, जिनके बच्चे सेना भर्ती में जालसाजी का शिकार हुए और जबलपुर जेल में बंद है। मनोज डब्लू एक-एक पीडि़त के दरवाजे पर गए और परिवार को ढांढस बंधाया। साथ ही उनके बच्चों के सकुशल घर वापसी का भरोसा दिया और सेना भर्ती में हो रही दलाली व भ्रष्टाचार को गंभीर मुद्दा बताया। उन्होंने कहा कि सेना भर्ती में भ्रष्टाचार देश की सुरक्षा से जुड़ा मामला है। इसे देखते हुए गंभीरता के साथ इसकी जांच होनी चाहिए और सेना भर्ती के नाम पर युवाओं के परिवारों का आर्थिक दोहन करने के साथ-साथ सेना की गोपनीय व सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ा दंड दिया जाय। आशंका जताई कि सेना के अंदर का ही कोई व्यक्ति दलालों को संरक्षण दे रहा है। यदि इसकी जांच कराई जाय तो उससे पर्दा उठ जाएगा। यदि ऐसे ही चलता रहा तो कोई भी व्यक्ति फर्जी दस्तावेजों के आधार पर सेना में भर्ती हो सकता है। उन्होंने विलख रही माताओं को ढांढस बंधाया और बच्चों की सकुशल वापसी का भरोसा दिया। इसके बाद उन्होंने करी, हिंगुतरगढ़ आदि गांवों का भी दौरा किया।